RCB के टिम डेविड को अंपायर से बदसलूकी करना पड़ा भारी, लगा 1 मैच का बैन... खोनी पड़ा आधी मैच फीस
अहमदाबाद: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के धाकड़ बल्लेबाज टिम डेविड के लिए टाटा आईपीएल 2026 का फाइनल मुकाबला दोहरी निराशा लेकर आया। नरेंद्र मोदी स्टेडियम में गुजरात टाइटंस (GT) के खिलाफ खेले गए खिताबी मुकाबले के दौरान मैदान पर आपा खोने के कारण टिम डेविड पर मैच फीस का 50 फीसदी भारी-भरकम जुर्माना लगाया गया है। इसके साथ ही उन्हें दो डिमेरिट पॉइंट (Demerit Points) भी दिए गए हैं, जिसके चलते अब उन पर एक मैच का प्रतिबंध (Ban) लग गया है।
अंपायर नितिन मेनन की तरफ फेंका था आइस बैग
यह पूरी घटना गुजरात टाइटंस के खिलाफ मैच की पहली पारी के 10वें ओवर में हुई। ओवर के दौरान एक विकेट गिरने के बाद टिम डेविड अचानक अपना आपा खो बैठे और उन्होंने अंपायर नितिन मेनन की दिशा में बेहद आक्रामक और खतरनाक तरीके से एक 'आइस बैग' (बर्फ की थैली) उछाल दिया।
डेविड की इस हरकत को आईपीएल की आचार संहिता के अनुच्छेद 2.9 (लेवल 1) का गंभीर उल्लंघन माना गया। यह नियम मैच के दौरान किसी भी खिलाड़ी, अंपायर या रेफरी पर खतरनाक तरीके से गेंद या क्रिकेट का कोई भी उपकरण (जैसे पानी की बोतल या अन्य सामान) फेंकने से रोकता है।
टिम डेविड ने मैच के बाद अपनी इस गंभीर गलती को स्वीकार कर लिया और मैच रेफरी जवागल श्रीनाथ द्वारा दी गई सजा को बिना किसी अपील के मान लिया।
अगले सीजन का पहला मैच नहीं खेल पाएंगे डेविड
टिम डेविड इस पूरे सीजन में लगातार अनुशासनहीनता के शिकार रहे, जिसका खामियाजा अब उन्हें भुगतना पड़ेगा। यह इस सीजन में उनका तीसरा लेवल-1 का अपराध था:
1. पहला अपराध (मैच संख्या 20): 1 डिमेरिट पॉइंट मिला था।
2. दूसरा अपराध (मैच संख्या 54): 2 डिमेरिट पॉइंट मिले थे।
3. तीसरा अपराध (फाइनल मैच): 2 और डिमेरिट पॉइंट दिए गए।
उनके खाते में अब कुल 5 डिमेरिट पॉइंट जमा हो चुके हैं। आईपीएल के नियमों के अनुसार, इतने पॉइंट होने पर खिलाड़ी पर एक मैच का प्रतिबंध अनिवार्य हो जाता है। इसके तहत टिम डेविड को अगले आईपीएल सीजन (IPL 2027) में आरसीबी के पहले मैच से निलंबित कर दिया जाएगा। अगर वह 2027 में किसी दूसरी फ्रेंचाइजी के लिए भी खेलते हैं, तब भी उन्हें उस सीजन का पहला मैच बाहर बैठकर ही बिताना होगा।
