Lucknow News: लखनऊ में सिटी ट्रांसपोर्ट के संविदा परिचालकों का प्रदर्शन, निजी फर्म में समायोजन का विरोध
अमृत विचार, लखनऊ। निजी फर्म में समायोजन के विरोध में लखनऊ सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड में तैनात सैकड़ों संविदा परिचालकों ने मंगलवार को हज़रतगंज स्थित गांधी प्रतिमा पर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन कर रहे परिचालकों का आरोप है कि उन्हें परिवहन विभाग से हटाकर निजी कंपनी एसएस एंटरप्राइजेज में समायोजन किया जा रहा है। इसके विरोध में संविदा परिचालकों ने जमकर नारबाजी की। इसके बाद पुलिस ने सभी प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर ईको गार्डन भेज दिया।
निजी कंपनी एसएस एंटरप्राइजेज में समायोजन
संविदा परिचालकों का कहना है कि उनकी भर्ती साल 2021 में लखनऊ सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड (LCTSL) में संविदा पर की गई थी और पिछले करीब पांच सालों से वे नियमित रूप से अपनी सेवाएं दे रहे हैं। हाल ही में उन्हें सूचना दी गई कि उनका समायोजन निजी कंपनी एसएस एंटरप्राइजेज में किया जा रहा है। साथ ही संविदा परिचालकों से आवश्यक अभिलेख जमा करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
.png)
प्रदर्शन कर रहे संविदा परिचालकों का कहना है कि वे लंबे समय से बिना किसी अवरोध के दिन-रात बस चलाकर सेवा दे रहे हैं। कोरोना महामारी के समय भी सेवाएं जारी रखीं, त्योहारों पर एक्स्ट्रा ड्यूटी की, लेकिन आज उन्हें बिना किसी सुरक्षा के निजी हाथों में सौंपा जा रहा है। इससे उनकी नौकरी की स्थिरता, वेतन संरचना, पेंशन, मेडिकल सुविधा और पारिवारिक जिम्मेदारियों पर सीधा असर पड़ेगा।
संविदा परिचालकों ने उठाई ये मांग
संविदा परिचालकों की मांग है कि उन्हें उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) या परिवहन विभाग में समायोजित किया जाए। अगर विभाग में परिचालकों की आवश्यकता है तो नई भर्ती करने के बजाय वर्तमान में कार्यरत संविदा कर्मियों को ही स्थानांतरण देकर सेवाएं जारी रखी जाएं। इतना ही नहीं उन्होंने सरकार और परिवहन मंत्री से हस्तक्षेप कर उनके समायोजन के आदेश को निरस्त करने और उनकी सेवाएं पूर्ववत जारी रखने की मांग की है।
