राहुल गांधी के दौरे के बाद अमेठी में स्मृति ईरानी, 8 महीने बाद एक दिवसीय दौरे पर भाजपा कार्यकर्ताओं में भरा जोश
अमेठी अमृत विचार। पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के अमेठी पहुंचने से जिले की सियासत एक बार फिर गर्मा गई है। बुधवार को जिले की सीमा में प्रवेश करते ही भाजपा कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं और जोरदार नारों के साथ उनका भव्य स्वागत किया। कई स्थानों पर स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए गए, जहां कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
स्मृति ईरानी मुसाफिरखाना में आयोजित भाजपा कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल हुईं। इस दौरान उन्होंने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और कार्यकर्ताओं से लगातार जनसंपर्क बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत हैं और जनता के बीच उनकी सक्रियता संगठन को मजबूती देती है।
दौरे के दौरान स्मृति ईरानी सिंहपुर ब्लॉक क्षेत्र के पूरे ठकुराइन मजरे मत्तेपुर गांव भी पहुंचीं। यहां उन्होंने वरिष्ठ भाजपा नेता रमेश तिवारी के भाई बृजेश तिवारी के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त की और परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। वह कुछ समय तक परिवार के बीच रहीं और दुख की इस घड़ी में हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। राजनीतिक गलियारों में स्मृति ईरानी के इस दौरे को काफी अहम माना जा रहा है।
हाल ही में राहुल गांधी ने भी अमेठी पहुंचकर कार्यकर्ताओं को संबोधित किया था। ऐसे में स्मृति ईरानी की बढ़ी सक्रियता को भाजपा की ओर से संगठन में नई ऊर्जा भरने और कार्यकर्ताओं को मजबूत संदेश देने की रणनीति के रूप में देखा जा रहा।
