Bareilly : शहर के आकर्षण का केंद्र बनेगा रुद्रवनम पार्क, 70 फीसदी काम पूरा

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

हरित और पर्यावरण अनुकूल पर्यटन स्थल के रूप में हो रहा तैयार

बरेली, अमृत विचार। बीडीए की ओर से ग्रेटर बरेली क्षेत्र में विकसित किया जा रहा आधुनिक एवं आध्यात्मिक सेंट्रल पार्क ‘रुद्रवनम’ तेजी से आकार ले रहा है। परियोजना का करीब 60 से 70 फीसदी निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। बीडीए उपाध्यक्ष मणिकंडन ए ने बताया कि कार्य तेज से पूरा कराया जा रहा है। इसे जल्द ही आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा।

‘नाथ नगरी’ की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान को और मजबूती देने के उद्देश्य से इस पार्क को विकसित किया जा रहा है। रुद्रवनम को एक ऐसे हरित एवं पर्यावरण अनुकूल पर्यटन स्थल के रूप में तैयार किया जा रहा है, जहां लोग आध्यात्मिक शांति के साथ आधुनिक सुविधाओं का भी आनंद ले सकेंगे। परियोजना के तहत पार्क में ‘नाथ म्यूजियम’ भी विकसित किया जा रहा है, जिसमें नाथ परंपरा, बरेली की सांस्कृतिक विरासत और ऐतिहासिक महत्व से जुड़ी जानकारियां प्रदर्शित की जाएंगी। यह म्यूजियम शहर की सांस्कृतिक पहचान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का माध्यम बनेगा।

ये होंगी प्रमुख सुविधाएं
रुद्रवनम पार्क को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जा रहा है। यहां लोगों को हरित क्षेत्र, योग और ध्यान के लिए शांत स्थल, जॉगिंग ट्रैक और वॉकवे, आकर्षक बैठने की व्यवस्था, आधुनिक लाइटिंग और लैंडस्केपिंग के साथ खुला प्राकृतिक वातावरण मिलेगा। अधिकारियों के अनुसार यह स्थान भविष्य में ग्रेटर बरेली का प्रमुख पर्यटन और रिक्रिएशन सेंटर बनेगा। बीडीए का उद्देश्य बरेली को एक आधुनिक, हरित और सुव्यवस्थित स्मार्ट सिटी के रूप में स्थापित करना है, जिसमें रुद्रवनम पार्क एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

संबंधित समाचार