मथुरा में 'IIT पास' ढोंगी बाबा गिरफ्तार: ऑनलाइन प्रवचन की आड़ में युवतियों को बनाता था शिकार; ब्लैकमेल कर ऐंठे पैसों से खड़ा किया 'आश्रम'

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊ/ मथुरा: उत्तर प्रदेश के कान्हा की नगरी मथुरा से एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। गोवर्धन थाना क्षेत्र की पुलिस ने ऑनलाइन प्रवचन और भजन-कीर्तन के जाल में फंसाकर पढ़ी-लिखी, ऊंचे पैकेजों पर काम करने वाली युवतियों का शोषण करने वाले एक हाईप्रोफाइल फर्जी साधु को गिरफ्तार किया है।

हैरानी की बात यह है कि आरोपी कोई अनपढ़ अपराधी नहीं, बल्कि आईआईटी (IIT) से पढ़ा एक मैकेनिकल इंजीनियर है। वह युवतियों को नशीला पदार्थ देकर उनके साथ दुष्कर्म करता था और फिर अश्लील वीडियो और तस्वीरें बनाकर उन्हें ब्लैकमेल करता था।

छत्तीसगढ़ की छात्रा की शिकायत पर खुला 'पाप का घड़ा'

यह पूरा मामला तब उजागर हुआ जब छत्तीसगढ़ की रहने वाली एक पीड़िता (बीएससी नर्सिंग की छात्रा) के परिवार ने मथुरा के एसएसपी श्लोक कुमार को न्याय के लिए प्रार्थना-पत्र सौंपा।

जन्मदिन मनाने आई थी मथुरा

पीड़िता की बड़ी बहन मथुरा के राधाकुंड में आईओसीएल (IOCL) में इंटर्नशिप कर रही थी और वह इसी कथित साधु के मकान में किराए पर रहती थी। पीड़िता अपनी बहन के साथ जन्मदिन मनाने मथुरा आई थी।

प्रसाद के नाम पर दिया नशीला दूध

भजन-कीर्तन मंडली के बहाने आरोपी अभिषेक मिश्रा ने बड़ी बहन के जरिए पीड़िता से संपर्क बढ़ाया। 15 मई की रात आरोपी ने भगवान का प्रसाद बताकर पीड़िता को नशीला दूध पिला दिया। बेहोशी की हालत में आरोपी ने उसके साथ अश्लील हरकतें कीं और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी।

₹5 लाख की रंगदारी

पीड़िता जब वापस छत्तीसगढ़ पहुंची, तो आरोपी ने वीडियो कॉल कर अश्लील तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी और ₹5 लाख की रंगदारी मांगी। हिम्मत जुटाकर पीड़िता ने अपने पिता को सब बताया, जिसके बाद 25 मई को गोवर्धन थाने में मुकदमा दर्ज किया गया।

20 लाख का पैकेज छोड़ बना 'अधिकार्ता नारायण दास'

पुलिस की तफ्तीश में आरोपी के बारे में बेहद चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं कि IIT रुड़की से बीटेक: आरोपी अभिषेक मिश्रा मूल रूप से ओडिशा का रहने वाला है। उसने वर्ष 2021 में देश के प्रतिष्ठित संस्थान IIT रुड़की से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में B.Tech किया था।

नौकरी छोड़ चुना जुर्म का रास्ता

पढ़ाई के बाद वह एक नामी कंपनी में ₹20 लाख के सालाना पैकेज पर नौकरी कर रहा था। लेकिन कुछ समय बाद उसने नौकरी छोड़ दी और पिछले तीन साल से मथुरा के राधाकुंड में वेश बदलकर रहने लगा। उसने अपना नाम 'अधिकार्ता नारायण दास' रख लिया था।

मल्टीनेशनल कंपनियों में काम करने वाली लड़कियां थीं टारगेट

पढ़ा-लिखा और अंग्रेजी का जानकार होने के कारण अभिषेक सोशल मीडिया पर ऑनलाइन प्रवचन देता था। उसका मुख्य टारगेट मल्टीनेशनल कंपनियों (MNCs) में काम करने वालीं और B.Tech पास अमीर युवतियां होती थीं। वह उन्हें अध्यात्म के जाल में फंसाकर अपने पास बुलाता था।

गंधर्व विवाह की आड़ में 'ब्रेनवॉश' और ब्लैकमेलिंग

एसपी ग्रामीण सुरेश चंद्र रावत ने बताया कि सोमवार शाम पुलिस ने आरोपी को उसके राधाकुंड स्थित मकान से दबोच लिया। मौके से दो युवतियों और एक बच्चे को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया है, जिन्हें नशा मुक्ति केंद्र भेजा गया है।

आरोपी इन युवतियों को ब्लैकमेल कर जो मोटी रकम वसूलता था, उसी पैसे से उसने राधाकुंड में एक मकान और 'आश्रम' बना लिया था।

पुलिस को आरोपी के मोबाइल से एक दर्जन से अधिक युवक-युवतियों की अश्लील तस्वीरें और वीडियो मिले हैं। वह युवाओं का 'गंधर्व विवाह' कराता था और फिर लड़कियों का ब्रेनवॉश कर उनका शारीरिक शोषण करता था।

 

संबंधित समाचार