यूपी में आज आ रही है आंधी-बारिश, तूफान का भी अलर्ट,
सूरज आग उगल रहा है। धरती तप रही। इंसान से लेकर पशु-परिंदे तक सब गर्मी से बेहाल हैं। यूपी के तीन जनपद-बांदा, प्रयागराज और वाराणसी में और बुरा हाल है। इन क्षेत्रों में पारा 47 से 48 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बांदा सबसे गर्म जिलों में शुमार हो रहा है।
अमृत विचार : उत्तर भारत का मौसम बदलने वाला है। भयंकर गर्मी और लू के थपेड़ों से बेहाल यूपी को आज थोड़ी राहत मिल सकती है। 28 मई से यूपी में आंधी-बारिश और तूफान का अलर्ट है। मंगलवार को यूपी के जनपद, बांदा, प्रयागराज और वाराणसी फिर काफी गर्म रहे। इन क्षेत्रों में पारा 47 से 48 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। आज-बुधवार की सुबह से ही तेज धूप है। सूरज आग उगल रहा है और जमीन तप रही है।
मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी यूपी में और पूर्वी उत्तर प्रदेश 28 से 31 मई तक आंधी-बारिश की संभावना है। बिजली गरजने के साथ कम से कम 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है। पूर्वांचल इलाके में 29 मई मतलब गुरुवार को करीब 80 किमी प्रति घंटे की गति से तेज आंधी चलने का अलर्ट है।
पश्चिमी विक्षोभ के कारण हिमालयी क्षेत्रों पर पहले से बारिश हो रही है। दो दिन पहले यूपी के विभिन्न क्षेत्रों में तेज आंधी चली थी। अब बुधवार को फिर से मौसम बिगड़ने वाला है। गर्मी से तप रहे उत्तर भारत के लोगों को कम से कम गर्मी से तो राहत मिलेगी।
नौतपा में फूटेंगी बारिश की फुहारें
नौतपा चल रहा है। इन नौ दिनों में मौसम सबसे गर्म रहता है। लेकिन इस बार नौतपा में थोड़ी राहत की उम्मीद है। कई जिलों में नौतपा के पहले दिन ही आंधी-बारिश से लोगों ने राहत महसूस की। अब तीन दिन तक आंधी-बारिश का अलर्ट है। ऐसे में इस बार, नौतपा की तपिश से बड़ी राहत की संभावना बनी है।
