Uttrakhand News: AI से निखारी उत्तर लेखन कला...अपर PCS में फराज को मिली छठी रैंक

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

सितारगंज निवासी फराज मियां बने डिप्टी कलेक्टर, परिवार में दौड़ी खुशी की लहर

सितारगंज, अमृत विचार। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग ने अपर पीसीएस-2024 का परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया। इसमें सितारगंज निवासी फराज मियां ने प्रदेश में छठी रैंक के साथ डिप्टी कलेक्टर का पद हासिल किया है। वहीं, फराज की इस सफलता से उनके परिजन गौरवान्वित हैं। उनकी यह उपलब्धि युवाओं के लिए भी प्रेरणा है। जो सीमित संसाधनों के साथ प्रतियोगी परीक्षा की तैयारियों में जुटे हैं।

नौकरी के साथ की पीसीएस की तैयारी
वर्तमान में उत्तराखंड सचिवालय के पर्यटन विभाग में समीक्षा अधिकारी के पद पर तैनात फराज मियां ने नौकरी के साथ अपर पीसीएस परीक्षा की तैयारी की। उन्होंने बताया कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। उन्होंने अनेक किताबें पढ़ने के बजाय कुछ चुनिंदा पुस्तकों का बार-बार अध्ययन किया। इसके अलावा उत्तराखंड सामान्य ज्ञान तथा समसामयिक घटनाओं पर विशेष फोकस रखा।

हिंदी अखबारों का अध्ययन आया काम
फराज ने बातचीत में बताया कि राज्य की गतिविधियों और स्थानीय मुद्दों की जानकारी के लिए उन्होंने नियमित रूप से स्थानीय हिंदी समाचार पत्रों का गहन अध्ययन किया। मुख्य परीक्षा में उत्तर लेखन को बेहतर बनाने के लिए उन्होंने एआई तकनीक का भी प्रभावी उपयोग किया। एआई की सहायता से उन्हें उत्तरों को अधिक व्यवस्थित, तथ्यपूर्ण और आकर्षक बनाने में मदद मिली।

इस परीक्षा में मिली थी चौथी रैंक
फराज ने बताया कि उन्हें सफलता एक दिन में नहीं मिली। इससे पहले उन्होंने कई प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल की है। यूकेएसएसएससी की कनिष्ठ सहायक परीक्षा उत्तीर्ण करने के साथ उन्होंने 2024 में यूकेपीएससी की आयोजित सचिवालय समीक्षा अधिकारी परीक्षा में प्रदेश में चौथी रैंक प्राप्त की थी। 2025 में निर्वाचन आयोग में समीक्षा अधिकारी भर्ती परीक्षा में उन्होंने प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया। इसके अलावा वह यूकेपीएससी की लोअर पीसीएस परीक्षा भी उत्तीर्ण कर चुके हैं, जिसका साक्षात्कार अगले माह प्रस्तावित है।

जीआईसी सितारगंज से पढ़े हैं फराज
सितारगंज। यूकेपीएससी टॉपर फराज ने बताया कि जीआईसी सितारगंज से उन्होंने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की शिक्षा प्राप्त की है। इसके बाद राजकीय पीजी महाविद्यालय खटीमा से बीएससी की डिग्री हासिल की। जिसके बाद लखनऊ विश्वविद्यालय से एमबीए की पढ़ाई की। बताया कि उनकी सफलता में परिवार का भी काफी योगदान रहा है। उनकी बहन गुड़िया बी वर्तमान में जीआईसी नैनीताल में प्रवक्ता के पद पर कार्यरत हैं। परिवार का शैक्षिक वातावरण और निरंतर प्रोत्साहन उनकी उपलब्धियों की मजबूत नींव बना। अमृत विचार

लक्ष्य के प्रति समर्पण होना चाहिए
सितारगंज। फराज ने कहा कि सफलता संसाधनों से नहीं, बल्कि लक्ष्य के प्रति समर्पण, निरंतर अभ्यास और सही रणनीति से मिलती है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर समय गंवाने के बजाय अध्ययन, करंट अफेयर्स और उत्तर लेखन कौशल पर ध्यान देना चाहिए। यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत ईमानदारी से की जाए तो किसी भी मुकाम को हासिल किया जा सकता है। 

संबंधित समाचार