UP News: बिना सेफ्टी करा रहे थे काम, संविदाकर्मी की मौत के मामले में अब जेई और लाइनमैन निलंबित
पीलीभीत, अमृत विचार। फाल्ट ठीक करने गए लाइनमैन की मौत के बाद लापरवाही के आरोप में घिरे जिम्मेदारों पर गाज गिर ही गई। अधीक्षण अभियंता की ओर से कराई गई जांच में प्रथम दृष्टया लापरवाही मिलने पर जेई राजकुमार और लाइनमैन ज्ञानेंद्र को निलंबित कर दिया है।
काफी देर तक तड़तपता रहा लाइनमैन
बता दें कि कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला मदीनाशाह निवासी पावर कॉरपोरेशन के संविदाकर्मी 35 वर्षीय विजय राठौर पुत्र रामचंद्र मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे कलेक्ट्रेट स्थित जिला निर्वाचन कार्यालय के पास लाइन में हुए फाल्ट को ठीक करने गए थे। साथी जर्नादन और रामबाबू के साथ लाइन ठीक करने के दौरान उसे करंट लगा और वह गिर गया। लहूलुहान हालत में विजय काफी देर तक तड़पता रहा लेकिन मौके पर वाहन होने के बाद भी अस्पताल ले जाने के लिए नहीं दिया गया। बाद में एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया, जहां मृत घोषित कर दिया था।
बिना सेफ्टी कराया जा रहा था काम
संविदाकर्मी और परिवार ने बिना सेफ्टी किट काम पर भेजने समेत अन्य बिंदुओं पर लापरवाही को लेकर नाराजगी जताई थी। दूसरे दिन बुधवार को शव का पोस्टमार्टम कराय गया। इस दौरान भी संविदाकर्मी बड़ी संख्या में जमा रहे। विरोध के शोर पर पुलिस दौड़ती रही। प्रशासनिक अधिकारियों ने भी आश्वस्त किया। इधर, मामले में कराई जांच के दौरान प्रथम दृष्टया लापरवाही पाए जाने पर जेई राजकुमार और लाइनमैन ज्ञानेंद्र पर गाज गिरी। दोनों को निलंबित कर दिया गया है। हालांकि अभी आगे भी अन्य जिम्मेदारों पर कार्रवाई की तलवार लटकी हुई है। अधीक्षण अभियंता मनोज कुमार ने बताया कि इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कराईजा रही है। जांच अभी पूरी नहींहुई है। इसमें आगे भी अगर किसी की लापरवाही संज्ञान में आती है, तो उस पर भी कार्रवाइ्र की जाएगी।
