लखनऊ : संजय दत्त के ‘पेड़ लगाओ, जादू की झप्पी पाओ’ संदेश से गूंजा ग्रीन शिफ्ट अवॉर्ड्स, नेट जीरो अभियान को मिली नई ऊर्जा

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

बॉलीवुड स्टार संजय दत्त और डॉ. राजेश्वर सिंह ने की सभी से पेड़ लगाने की अपील

लखनऊ। विश्व पर्यावरण दिवस की उमंग और खेल के मैदान की प्रतिस्पर्धा के बीच, लखनऊ गोल्फ क्लब में एक अनूठा दृश्य देखने को मिला। ‘द ग्रीन शिफ्ट’ गोल्फ टूर्नामेंट अवॉर्ड्स के मंच से बॉलीवुड के मेगा स्टार संजय दत्त और सरोजिनी नगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता का शंखनाद किया।

संजय दत्त का संदेश: "पेड़ लगाओ, जादू की झप्पी पाओ"

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे संजय दत्त ने अपने चिर-परिचित अंदाज में पर्यावरण को सहेजने का मंत्र दिया। उन्होंने कहा, “पेड़ लगाओ, जादू की झप्पी पाओ।” पर्यावरण सुरक्षा को सरकार से ऊपर उठकर हर व्यक्ति की जिम्मेदारी बताते हुए उन्होंने डॉ. राजेश्वर सिंह के प्रयासों की मुक्त कंठ से प्रशंसा की। दत्त ने जोर देकर कहा, “नेट जीरो का यह जन-आंदोलन सरोजिनी नगर की सीमाओं से निकलकर पूरे हिंदुस्तान में फैलना चाहिए। राजेश्वर जी मेरे भाई हैं, उनके इस हरित अभियान के लिए मैं सदैव तत्पर हूं।” 

गोल्फ के स्ट्रोक से नेट जीरो का लक्ष्य

डॉ. राजेश्वर सिंह ने गोल्फ की बारीकियों से जोड़ते हुए नेट जीरो की राह को समझाया। उन्होंने कहा कि गोल्फ की तरह ही सतत विकास की यात्रा में हर एक स्ट्रोक यानी हर छोटा प्रयास मायने रखता है। डॉ. सिंह ने लखनऊ में कई बार एक्यूआई 200 के पार पहुंचता जाता है। उन्होंने शहर में गिरते भूजल स्तर पर गंभीर चिंता व्यक्त की। उन्होंने बताया कि विश्वभर में वायु प्रदूषण से 70 लाख मौतें हो रही हैं। उन्होंने एक सरल समाधान पेश करते हुए कहा कि यदि भारत का हर नागरिक केवल एक वॉट बिजली बचाए, तो प्रतिवर्ष 1,250 करोड़ यूनिट बिजली की बचत संभव है, जो कार्बन उत्सर्जन को कम करने में बड़ी भूमिका निभाएगी।

प्रतिभाओं का सम्मान और जनभागीदारी

टूर्नामेंट में 23 गोल्फ खिलाड़ियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। विजेताओं को छह लाख रुपये मूल्य के पुरस्कार, स्कूटी और इलेक्ट्रिक उपकरण प्रदान किए गए। जूनियर वर्ग में कर्मन्य दत्त तिवारी, महिला वर्ग में बबली नंदा, सीनियर वेटरन्स में एएस कपूर और ओवरऑल चैंपियनशिप में पंकज अग्रवाल विजेता रहे।

यह कार्यक्रम महज एक खेल आयोजन न रहकर पर्यावरण संरक्षण के प्रति एक व्यापक जन-आंदोलन का केंद्र बन गया। कार्यक्रम के अंत में डॉ. राजेश्वर सिंह ने लखनऊ गोल्फ क्लब के पदाधिकारियों, आयोजकों और विशेष रूप से संजय दत्त का आभार व्यक्त किया। आयोजन को सफल बनाने में अजय गुप्ता, तेजपाल सियाल और करण चंदा की भूमिका सराहनीय रही।

ये भी पढ़ें  : 
गाजीपुर एनकाउंटर: सपा सांसद डिंपल यादव ने पूछा, कमलेश का एनकाउंटर क्यों किया! 

संबंधित समाचार