Stock Market Today : कच्चे तेल में तेजी और बैंकिंग बिकवाली से लुढ़का शेयर बाजार, सेंसेक्स 553 अंक टूटा

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

मुंबई। घरेलू शेयर बाजारों में मंगलवार को शुरुआती कारोबार में भारी गिरावट दर्ज की गई। पश्चिम एशिया (मिडिल ईस्ट) में नए सिरे से उपजे तनाव और कच्चे तेल की कीमतों में आई तेजी के कारण निवेशकों की धारणा बुरी तरह प्रभावित हुई है। इसके अलावा, विदेशी संस्थागत निवेशकों (FIIs) की ताजा बिकवाली और वैश्विक बाजारों से मिले कमजोर संकेतों ने भी घरेलू बाजार पर दोहरा दबाव बनाया।

शुरुआती कारोबार में बड़ी गिरावट

शुरुआती कारोबार के दौरान बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 344.06 अंक की गिरावट के साथ 77,272.34 अंक पर खुला। बाजार में यह गिरावट और गहरी होती गई और एक समय सेंसेक्स 552.99 अंक (0.71%) तक टूटकर 77,063.41 अंक पर आ गया। खबर लिखे जाने तक यह 467.54 अंक यानी 0.60 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 77,148.86 अंक पर कारोबार कर रहा था।

दूसरी ओर, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी-50 सूचकांक भी 143 अंक लुढ़ककर 24,068 अंक पर खुला। कारोबार के दौरान निफ्टी 160.45 अंक फिसलकर 24,050.55 अंक के स्तर पर आ गया। खबर लिखे जाने तक यह 140.35 अंक (0.58 प्रतिशत) की गिरावट के साथ 24,070.65 अंक पर बना हुआ था।

किंग और आईटी में बिकवाली, एफएमसीजी में लिवाली

बाजार में आज चौतरफा बिकवाली का माहौल देखा जा रहा है। बैंकिंग, वित्तीय सेवाएं (फाइनेंस), ऑटो, रियल्टी, केमिकल, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स (टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद), ऑयल एंड गैस और आईटी (IT) समूहों के सूचकांकों में गिरावट दर्ज की जा रही है। बाजार के इस गिरावट के दौर में भी मेटल (धातु), फार्मा, हेल्थकेयर और एफएमसीजी (FMCG) सेक्टर्स में निवेशकों की लिवाली (खरीदारी) जारी है।


प्रमुख शेयरों का हाल

सेंसेक्स की प्रमुख 30 कंपनियों में से ज्यादातर लाल निशान पर कारोबार कर रही हैं, इंटरग्लोब एविएशन (इंडिगो), बजाज फाइनेंस, महिंद्रा एंड महिंद्रा और एचसीएल टेक के शेयरों में 2 प्रतिशत से अधिक की गिरावट दर्ज की गई। बजाज फिनसर्व, अल्ट्राटेक सीमेंट, एलएंडटी (लार्सन एंड टुब्रो), कोटक महिंद्रा बैंक, एक्सिस बैंक, भारतीय स्टेट बैंक (SBI) और आईसीआईसीआई (ICICI) बैंक के शेयर 1 से 2 प्रतिशत तक टूट गए।  इस गिरावट के बावजूद भारती एयरटेल, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS), अदाणी पोर्ट्स, टाटा स्टील और सन फार्मा के शेयर हरे निशान पर (मजबूती के साथ) कारोबार कर रहे हैं।


वैश्विक और अन्य कारक

अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 1.63 प्रतिशत की बढ़त के साथ 84.60 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया, जिसने बाजार की चिंता बढ़ाई। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक (FII) सोमवार को शुद्ध बिकवाल रहे और उन्होंने कुल 3,062.27 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। अमेरिकी शेयर बाजार सोमवार को गिरावट के साथ बंद हुए थे, जिसका असर आज एशियाई बाजारों पर भी दिखा। दक्षिण कोरिया का कॉस्पी 3.71 प्रतिशत की भारी गिरावट के साथ कारोबार कर रहा है। इसके अलावा जापान का निक्की 225, चीन का एसएसई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग भी नुकसान में चल रहे हैं। गौरतलब है कि इससे पिछले सत्र में, यानी सोमवार को उतार-चढ़ाव भरे कारोबार के बाद बीएसई सेंसेक्स मामूली 47.01 अंक और एनएसई निफ्टी 4.10 अंक की बढ़त के साथ बंद हुए थे।

 


ये भी पढ़ें : 
Stock Market Today : लाल निशान के साथ खुले बाजार, पश्चिम एशिया तनाव से सेंसेक्स-निफ्टी लुढ़के  

 

संबंधित समाचार