बरेली: कोरोना वैक्सीनेशन के लिए अनिवार्य होगा पंजीकरण, वेरिफिकेशन को दिखानी होगी आईडी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, बरेली। कोविड-19 के वैक्सीनेशन के लिए स्वास्थ्य विभाग ने तैयारी कर ली है। जिले में कोरोना वायरस की वैक्सीन जनवरी के अंतिम या फरवरी के पहले सप्ताह में आनी है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार जिले में पहले चरण के तहत निजी व सरकारी मिलाकर कुल 25,760 स्वास्थ्यकर्मियों को कोविड वैक्सीन लगाई …

अमृत विचार, बरेली। कोविड-19 के वैक्सीनेशन के लिए स्वास्थ्य विभाग ने तैयारी कर ली है। जिले में कोरोना वायरस की वैक्सीन जनवरी के अंतिम या फरवरी के पहले सप्ताह में आनी है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार जिले में पहले चरण के तहत निजी व सरकारी मिलाकर कुल 25,760 स्वास्थ्यकर्मियों को कोविड वैक्सीन लगाई जाएगी।

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार कोविड वैक्सीनेशन के लिए पात्र लाभार्थियों का पहले पंजीकरण कराना होगा। उनके पंजीकृत मोबाइल नंबर के माध्यम से वैक्सीनेशन और उसके निर्धारित समय के बारे में स्वास्थ्य सेवाओं द्वारा सूचित किया जायेगा।पंजीकरण के लिए फोटो के साथ पहचान पत्र दिखाना अनिवार्य होगा। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. आरएन सिंह ने बताया कि कोरोना वैक्सीन व्यक्ति की रजामंदी के बाद ही दिया जाना है। साथ ही वैक्सीन की पूरी खुराक पूरा करने के लिए 28 दिन के अंदर एक व्यक्ति द्वारा इसकी 2 खुराक लेने की सलाह दी गयी है।

इन कारणों से जरूरी है पंजीकरण व कागजात
कोई व्यक्ति बिना पंजीकरण के कोरोना वैक्सीन नहीं प्राप्त कर सकता है। कोरोना वैक्सीनेशन के लिए पंजीकरण के बाद ही सत्र स्थल और समय की जानकारी दी जायेगी। फोटो आईडी पंजीकरण और सत्यापन दोनों के लिए जरूरी है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि इच्छित व्यक्ति को वैक्सीन लगाया गया है।

ऑनलाइन पंजीकरण के बाद लाभार्थी को वैक्सीनेशन की नियत तिथि, स्थान और समय के बारे में मोबाइल पर एसएमएएस प्राप्त होगा। कोरोना वैक्सीन की उचित खुराक मिलने पर लाभार्थी को उनके मोबाइल नंबर पर एक क्यूआर कोड आधारित प्रमाण पत्र भी भेजा जायेगा।

इन सावधानियों का भी करना होगा पालन
कोरोना वैक्सीन लेने के बाद कम से कम आधे घंटे तक वैक्सीनेशन केंद्र में आराम करना चाहिए । यदि बाद में कोई असुविधा या बेचैनी महसूस होती है तो निकटतम स्वास्थ्य अधिकारियों, एएनएम और आशा को इसकी सूचना दें । कोरोना अनुरूप व्यवहारों जैसे मास्क पहनना, हाथ की सफाई और 6 फीट की शारीरिक दूरी बनाये रखने का पालन करें।

मधुमेह व उच्च रक्तचाप पीड़ित के लिए जरूरी
यदि कोई कैंसर मधुमेह,उच्च रक्तचाप आदि जैसी बीमारियों की दवा ले रहा है तो वह भी कोरोना वैक्सीन ले सकता है। इनमें से एक या एक से अधिक स्वास्थ्य परिस्थितियों वाले व्यक्तियों को एक उच्च जोखिम वाली श्रेणी माना जाता है। कोविड संक्रमितों को भी वैक्सीनेशन की आवश्यकता है।

पंजीकरण के लिए देने होंगे फोटो पहचान पत्र

– आधार कार्ड , ड्राइविंग लाइसेंस, वोटर आइडी एवं पैन कार्ड
•- पासपोर्ट, जॉब कार्ड, पेंशन दस्तावेज, मनरेगा कार्ड
•- स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी स्वास्थ्य बीमा स्मार्ट कार्ड
•- सांसदों, विधायकों, एमएलसी को जारी आधिकारिक प्रमाण पत्र
•- बैंक, पोस्ट ऑफिस द्वारा जारी पासबुक
•- केंद्र, राज्य सरकार या पब्लिक लिमिटेड कंपनियों द्वारा जारी सेवा आईडी कार्ड

संबंधित समाचार