ट्रंप के उपद्रवी समर्थकों के खिलाफ आरोप तय करने की तैयारी, राजद्रोह का भी लग सकता है आरोप

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

वाशिंगटन। अमेरिका के कोलंबिया जिले के एक शीर्ष संघीय अभियोजक ने कहा है कि कैपिटल बिल्डिंग (अमेरिकी संसद भवन) में हिंसा करने वाले अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के समर्थकों के खिलाफ आरोप तय करने के लिए ”सभी विकल्पों पर विचार किया जा रहा है”। वाशिंगटन डीसी के कार्यवाहक अटॉर्नी माइकल शेरविन ने कहा कि …

वाशिंगटन। अमेरिका के कोलंबिया जिले के एक शीर्ष संघीय अभियोजक ने कहा है कि कैपिटल बिल्डिंग (अमेरिकी संसद भवन) में हिंसा करने वाले अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के समर्थकों के खिलाफ आरोप तय करने के लिए ”सभी विकल्पों पर विचार किया जा रहा है”।

वाशिंगटन डीसी के कार्यवाहक अटॉर्नी माइकल शेरविन ने कहा कि अभियोजक उपद्रवियों पर अनाधिकृत प्रवेश, संपदा की चोरी समेत 15 मामले दर्ज करने की योजना बना रहे हैं तथा कई अन्य आरोप तय करने के लिए जांचकर्ता अभी और सबूत जुटा रहे हैं। उन्होंने कहा, ” उन सभी आरोपों पर विचार किया जा रहा है…. हम अधिक से अधिक आरोप तय करने की कोशिश करेंगे।”

अमेरिका में लोकतंत्र पर एक अप्रत्याशित हमले में निवर्तमान राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के हजारों समर्थकों ने वाशिंगटन डीसी स्थित कैपिटल बिल्डिंग (अमेरिकी संसद भवन) पर हमला किया और पुलिस के साथ भी उनकी झड़प हो गई थी। इस मामले में पुलिस ने 90 से अधिक लोगों का गिरफ्तार किया है तथा अभी और लोगों को भी गिरफ्तार किया जा सकता है।

विशेषज्ञों का कहना है कि कुछ उपद्रवियों पर राजद्रोह के आरोप भी लगाए जा सकते हैं।दरअसल, पिछले वर्ष सितंबर में तत्कालीन उप अटॉर्नी जनरल जेफरी रोसन ने एक मेमो में अभियोजकों से कहा था कि वे हिंसक प्रदर्शनकारियों पर राजद्रोह के आरोप लगाने पर विचार कर सकते हैं। न्याय विभाग की ओर से यह बात अश्वेत अमेरिकियों की पुलिस के हाथों हुई मौत की घटनाओं के बाद भड़की हिंसा की पृष्ठभूमि में कही गई थी।

यूएस कैपिटल पुलिस के प्रमुख ने इस्तीफे की घोषणा की
अमेरिका में कैपिटल परिसर (अमेरिकी संसद भवन) में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के समर्थकों को हंगामा करने से रोकने में नाकाम रहने को लेकर आलोचना के बाद यूएस कैपिटल पुलिस प्रमुख स्टीवन संड ने घोषणा की है कि वह इस महीने इस्तीफा दे देंगे। घटना के बाद प्रतिनिधि सभा की अध्यक्ष नैन्सी पेलोसी और सीनेट में डेमोक्रेटिक पार्टी के नेता चक शूमर ने गुरुवार को यूएस कैपिटल पुलिस प्रमुख के इस्तीफे की मांग की थी और कहा था कि अगर उन्होंने इस्तीफा नहीं दिया तो उन्हें सेवा से हटा दिया जाएगा। कैपिटल पुलिस बोर्ड को लिखे पत्र में संड ने कहा, ”यूनाइटेड स्टेट्स कैपिटल पुलिस बोर्ड में सेवा देना और यूएस कैपिटल पुलिस के कर्मियों तथा कांग्रेस सदस्यों के साथ काम करना मेरे लिए गर्व और प्रसन्नता की बात है।”संड के साथ बोर्ड के अन्य सदस्य भी पदों से इस्तीफा देने वाले हैं।उन्होंने कहा, ”मैं 17 जनवरी 2021 से अस्वस्थता का हवाला देकर अवकाश (सिक लीव) पर चला जाऊंगा। मेरे पास करीब 440 घंटे की सिक लीव है।”

ट्रंप ने कैपिटल परिसर में हिंसा की निंदा की
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कैपिटल (अमेरिकी संसद भवन) परिसर में बुधवार को हुई हिंसा की निंदा की है। ट्रंप ने एक नए वीडियो संदेश में कहा, ”चूंकि अब कांग्रेस ने परिणामों को प्रमाणित कर दिया है इसलिए ”नया प्रशासन 20 जनवरी को सत्ता की कमान संभालेगा” और अब उनका ध्यान ”सत्ता का व्यवस्थित एवं सुगम हस्तांतरण सुनिश्चित करने पर है।” इस वीडियो में ट्रंप ने हिंसा की निंदा की और इसे ”घृणित हमला” बताया तथा कहा कि इसके कारण उन्हें बहुत दुख पहुंचा है। ट्रंप ने हिंसा भड़काने में अपनी भूमिका के बारे में हालांकि कुछ नहीं कहा। उन्होंने अपने समर्थकों से कहा कि वह यह जानते हैं कि ”वे निराश हैं” लेकिन चाहते हैं कि उन्हें यह पता चले कि ”हमारी अभूतपूर्व यात्रा तो बस अभी शुरू ही हुई है”।

कैपिटल पुलिस ने हिंसा से पहले ठुकराई थी संघीय मदद की पेशकश
वाशिंगटन। अमेरिका के निवर्तमान राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के समर्थकों के कैपिटल पर हमला करने की घटना से तीन दिन पहले पेंटागन ने यूएस कैपिटल पुलिस से पूछा था कि क्या उन्हें ‘नेशनल गार्ड’ के जवानों की मदद की जरूरत है। एक रक्षा अधिकारी और मामले से अवगत दो लोगों ने बताया कि भीड़ के बुधवार को कैपिटल इमारत में घुसने के बाद न्याय मंत्रालय के नेताओं ने भी एफबीआई एजेंट की मदद की पेशकश की थी, लेकिन पुलिस ने दोनों बार मदद की पेशकश ठुकरा दी थी। इन तीनों लोगों ने बताया कि कैपिटल पुलिस ने लोगों को प्रदर्शन करने और अपने विचार रखने की आजादी देने का फैसला किया था, लेकिन जो हुआ पुलिस को उसकी उम्मीद नहीं थी। निवर्तमान राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के हजारों समर्थक वाशिंगटन डीसी स्थित कैपिटल (अमेरिकी संसद भवन) में घुस गए और पुलिस के साथ उनकी झड़प हुई, इस पूरी घटना में चार लोग मारे गए है।

इस बीच, समर्थकों को हंगामा करने से रोकने में नाकाम रहने को लेकर आलोचना के बाद यूएस कैपिटल पुलिस प्रमुख स्टीवन संड ने घोषणा की है कि वह इस महीने इस्तीफा दे देंगे। घटना के बाद प्रतिनिधि सभा की स्पीकर नैन्सी पेलोसी और सीनेट में डेमोक्रेटिक पार्टी के नेता चक शूमर ने गुरुवार को यूएस कैपिटल पुलिस प्रमुख के इस्तीफे की मांग की थी और कहा था कि अगर उन्होंने इस्तीफा नहीं दिया तो उन्हें सेवा से हटा दिया जाएगा।

 

संबंधित समाचार