बरेली: फरीदपुर में 1.83 करोड़ से बनेगा रोडवेज बस अड्डा, मिली वित्तीय स्वीकृति
अमृत विचार, बरेली। फरीदपुर के बारापत्थर में चयनित भूमि पर रोडवेज बस अड्डा बनाने को शासन ने वित्तीय स्वीकृति दे दी है। 1.83 करोड़ रुपये की लागत से बस अड्डे का निर्माण किया जाएगा। बस अड्डे के कुल बजट की 50 प्रतिशत राशि (91 लाख रुपये) आवंटित कर दिए गए हैं। बस अड्डा यूपी स्टेट …
अमृत विचार, बरेली। फरीदपुर के बारापत्थर में चयनित भूमि पर रोडवेज बस अड्डा बनाने को शासन ने वित्तीय स्वीकृति दे दी है। 1.83 करोड़ रुपये की लागत से बस अड्डे का निर्माण किया जाएगा। बस अड्डे के कुल बजट की 50 प्रतिशत राशि (91 लाख रुपये) आवंटित कर दिए गए हैं। बस अड्डा यूपी स्टेट कंस्ट्रक्शन एंड इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कारपोरेशन बनाएगा।
कार्यदायी संस्था के आगणन पर शासन ने स्वीकृति दी है। पांच करोड़ रुपये से कम होने के दृष्टिगत परियोजना के प्रस्तावों का मूल्यांकन (अप्रेजल) एवं उनके औचित्य के परीक्षण के लिए परिवहन आयुक्त ने उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (जो भी अधिकारी वरिष्ठ हो) की अध्यक्षता में समिति का गठन किया गया। प्रारंभिक आगणन 1.83 करोड़ रुपये के सापेक्ष समिति की बैठक पिछले साल हुई।
विशेष सचिव डा.अखिलेश कुमार मिश्रा ने 8 जनवरी को वित्तीय स्वीकृति के साथ बजट जारी करने के संबंध में पत्र के जरिए परिवहन आयुक्त को सूचना दी। फरीदपुर क्षेत्र में रोडवेज बस अड्डा बनाने की मांग स्थानीय विधायक डा. श्याम बिहारी कई बार विधानसभा के पटल पर भी उठा चुके थे। उन्होंने कई बार पत्राचार भी किया।
आखिरकार उनकी मेहनत रंग लाई और शासन ने बस अड्डे को वित्तीय स्वीकृति दे दी। कार्यदायी संस्था को बस अड्डे का निर्माण तेजी से कराने के निर्देश दिए गए हैं। वर्ष 2021 में क्षेत्रवासियों को रोडवेज बस अड्डे की सौगात मिल जाएगी। अभी फरीदपुर क्षेत्र में रोडवेज बसों के रुकने के लिए कोई स्टॉपेज नहीं है। इससे रोडवेज बसों का संचालन फरीदपुर से नहीं हो पा रहा है।
