मुरादाबाद: कांग्रेस जिलाध्यक्ष के नौकर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
मुरादाबाद, अमृत विचार। कांग्रेस जिलाध्यक्ष के नौकर की मौत हो गई। गुरुवार की सुबह उसका शव जिलाध्यक्ष के मकान में एक बाथरूम में मिला। परिजनों ने जब नजारा देखा तो हड़कंप मच गया। जिलाध्यक्ष के साथ ही उन्होंने शहर कोतवाली पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव पीएम को भेज दिया। इस …
मुरादाबाद, अमृत विचार। कांग्रेस जिलाध्यक्ष के नौकर की मौत हो गई। गुरुवार की सुबह उसका शव जिलाध्यक्ष के मकान में एक बाथरूम में मिला। परिजनों ने जब नजारा देखा तो हड़कंप मच गया। जिलाध्यक्ष के साथ ही उन्होंने शहर कोतवाली पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव पीएम को भेज दिया। इस दौरान तमाम कांग्रेसियों का जमावड़ा भी उनके घर पर लग गया। देर शाम आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हार्ट अटैक से मौत होने की पुष्टि हुई है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के कोठीवाल नगर निवासी विनोद गुम्बर कांग्रेस के जिलाध्यक्ष हैं। उनके घर पर संभल के मोहल्ला हातिम सराय निवासी मुकेश रावत बतौर रसोइया काम करता था। बताते हैं कि दो माह पहले ही वह नौकरी करने आया था। पांच दिन पहले मुकेश रावत अवकाश लेकर अपने घर सम्भल चला गया। बुधवार को वह वापस काम पर आया। जिलाध्यक्ष के बेटे संजुल गुम्बर के अनुसार बुधवार को लोहिड़ी का कार्यक्रम होने के बाद परिवार के सभी सदस्य बाहर गए थे।
खाना खाने के बाद वह देर रात करीब बारह बजे घर आए। मुकेश ने दरवाजा खोला और जब सभी सोने चले गए तो मुख्य गेट पर ताला डालकर वह भी अपने कमरे में चला गया। संजुल के अनुसार सुबह जब वह नहीं उठा तो उसकी मां बीना गुम्बर ने चाय बनाई। इस बीच वह बाथरूम में गया तो मालूम हुआ कि पानी नहीं आ रहा है। मोटर चलाने के बाद वह प्रेशर निकालने के लिए मुकेश रावत के कमरे से सटे बाथरूम में गया तो नजारा देखकर उसके होश उड़ गए।
मुकेश बाथरूम में गिरा पड़ा था, काफी हिलाने के बाद भी जब कोई रेस्पांस नहीं मिला तो घबराकर उसने इसकी सूचना पिता विनोद गुम्बर को दी। जो मकर संक्रांति के मौके पर गुरुवार की सुबह ही हरिद्वार को रवाना हुए थे। इसके बाद वह भी वापस आ गए। इधर सूचना मिलने पर शहर कोतवाली पुलिस भी आ गई। पूछताछ में संजुल ने बताया कि मुकेश को कुछ बीमारी थी, जिसकी दवाएं भी चल रही थी। उन्होंने उसके कमरे से मिली दवाएं भी पुलिस को मुहैया करा दी। इसके बाद पुलिस ने पंचनामा भर शव पोस्टमार्टम को भेज दिया। इधर मुकेश की मौत की सूचना उसके परिजनों को मिली तो कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिजन भी मुरादाबाद आ गए। वहीं देर शाम आई रिपोर्ट में हार्ट अटैक से मौत होने की पुष्टि हुई है। बुध बाजार चौकी इंचार्ज अमित तोमर के अनुसार पीएम रिपोर्ट के बाद अगली कार्रवाई की जाएगी।
