हल्द्वानी: पहले दिन 179 लाभार्थियों को लगाया गया टीका

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी,अमृत विचार। कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव के लिए शनिवार को तीन सेंटरों पर टीकाकरण अभियान की शुरुआत की गई। हर बूथ पर सौ लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य रखा गया था, लेकिन सर्वर डाउन होने से जनपद में 300 में से केवल 179 लोगों को ही टीका लगाया जा सका। सर्वर की …

हल्द्वानी,अमृत विचार। कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव के लिए शनिवार को तीन सेंटरों पर टीकाकरण अभियान की शुरुआत की गई। हर बूथ पर सौ लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य रखा गया था, लेकिन सर्वर डाउन होने से जनपद में 300 में से केवल 179 लोगों को ही टीका लगाया जा सका। सर्वर की दिक्कत के चलते कोविन एप पर रजिस्ट्रेशन को लेकर काफी दिक्कतें हुईं। जिसके चलते टीकाकरण की प्रक्रिया प्रभावित रही।

जनपद में तीन सेंटरों पर वैक्सीन लांच की गई। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्क्रीन के जरिए हल्द्वानी में सुशीला तिवारी राजकीय मेडिकल कॉलेज से लाइव जुड़े रहे। हालांकि तय कार्यक्रम के अनुसार उन्होंने किसी लाभार्थी से बातचीत नहीं की। मेडिकल कॉलेज में पहला टीका सुबह 11: 15 पर एसटीएच के एमस डॉ. अरुण जोशी को लगाया गया। वहीं महिला अस्पताल हल्द्वानी में पहला टीका सीएमएस डॉ. उषा जंगपागी को 12 बजे और बीडी पांडे महिला अस्पताल नैनीताल में पहला टीका पीएमएस डॉ. केएस धामी को सुबह 11:24 पर लगाया गया। हल्द्वानी के सभी सेंटरों पर सुबह वैक्सीन पहुंचा दी गई थी। नैनीताल सेंटर पर एक दिन पहले ही वैक्सीन पहुंचा दी गई थी। महिला अस्पताल हल्द्वानी में कुमाऊं स्वास्थ्य निदेशक डॉ. शैलजा भट्ट ने स्थितियों का जायजा लिया।

सभी सेंटरों पर सर्वर की दिक्कत के चलते लाभार्थियों के रजिस्ट्रेशन को लेकर काफी लंबा इंतजार करना पड़ा। पांच बजे तक टीकाकरण का समय रखा गया था, लेकिन पोर्टल की दिक्कत के चलते देर शाम तक टीका लगाना जारी रहा।
राजकीय मेडिकल कॉलेज के टीकाकरण सेंटर में मेडिकल कॉलेज के सिटी मजिस्ट्रेट प्रत्युष कुमार सिंह, प्राचार्य डॉ. सीपी भैंसोडा, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ.अजय शर्मा, मुख्य चिकित्साधिकारी अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.रश्मि पंत सहित पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी उपस्थित रहे।