लालू प्रसाद की तबीयत नासाज, एयर एंबुलेंस के जरिए रांची से दिल्ली लाए गए, एम्स में होगा इलाज
नई दिल्ली। चारा घोटाले में जेल की सजा काट रहे आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद की हालत चिंताजनक बनी हुई है। लालू यादव की हालत देखते हुए उन्हें रांची के रिम्स अस्पताल से एयर एंबुलेंस के जरिए दिल्ली लाया गया है। जहां एम्स में उनका इलाज होगा। मीडिया रिपोर्टस के मुताबिक राजेन्द्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) के …
नई दिल्ली। चारा घोटाले में जेल की सजा काट रहे आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद की हालत चिंताजनक बनी हुई है। लालू यादव की हालत देखते हुए उन्हें रांची के रिम्स अस्पताल से एयर एंबुलेंस के जरिए दिल्ली लाया गया है। जहां एम्स में उनका इलाज होगा।
मीडिया रिपोर्टस के मुताबिक राजेन्द्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) के निदेशक डा. कामेश्वर प्रसाद ने बताया कि लालू प्रसाद यादव को दो दिन से सांस लेने में कुछ तकलीफ हो रही थी जिसके बाद शुक्रवार को उनकी जांच की गई और उसमें निमोनिया की पुष्टि हुई। उनकी उम्र को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हमने उन्हें दिल्ली एम्स स्थानांतरित करने का फैसला किया है। एम्स में विशेषज्ञों से हमारी बातचीत हो गयी है।
इससे पहले लालू के बेटे तेजस्वी ने बताया था कि लालू यादव के फेफड़ों में पानी जम गया है और उनका चेहरा फूल गया है। इस बीच शुक्रवार को देर रात पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव, और पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव, मीसा भारती ने लालू यादव से मुलाकात की।
लालू प्रसाद यादव के पैतृक गांव फुलवरिया में भी उनकी अच्छी सेहत के लिए हवन पूजा का दौर जारी है। यहां वैदिक मंत्रोच्चार से पूर्व मुख्यमंत्री की सेहत में सुधार के लिए प्रार्थना की जा रही है। लालू प्रसाद यादव के परिवार के लोग भी इस हवन पूजा में शामिल हैं।
