मुरादाबाद: घर में घुसकर किशोरी से दुष्कर्म की कोशिश, मां के साथ मारपीट
मुरादाबाद, अमृत विचार। कांठ थाना क्षेत्र में घर में घुसकर किशोरी से दुष्कर्म की कोशिश की गई। इतना ही नहीं मां ने बचाने की कोशिश की तो उसके साथ भी मारपीट की गई। थाना पुलिस द्वारा सुनवाई न करने पर किशोरी की मां ने एसपी देहात को शिकायत पत्र देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की …
मुरादाबाद, अमृत विचार। कांठ थाना क्षेत्र में घर में घुसकर किशोरी से दुष्कर्म की कोशिश की गई। इतना ही नहीं मां ने बचाने की कोशिश की तो उसके साथ भी मारपीट की गई। थाना पुलिस द्वारा सुनवाई न करने पर किशोरी की मां ने एसपी देहात को शिकायत पत्र देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। एसपी देहात ने कांठ थाना पुलिस को आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए है।
थाना कांठ क्षेत्र के गांव गढ़ी सलेमपुर निवासी महिला ने एसपी देहात को शिकायत पत्र देकर आरोप लगाया कि बुधवार की शाम वह अपनी 14 वर्षीय बेटी के साथ घर में अकेली थी। उसी दौरान मोहल्ले के ही पांच युवक और एक महिला लाठी-डंडा और चाकू लेकर घर में घुस आए।
आरोप है कि पांचों युवकों ने नाबालिग बेटी के साथ अश्लीलता करते हुए दुष्कर्म करने की कोशिश की। महिला बेटी को बचाने पहुंची तो उसे भी बुरी तरह मारपीटा गया। पीड़िता के अनुसार दोनों के सिर और शरीर से खून बहने लगा। शोर होने पर मोहल्ले वालों ने किसी तरह उन्हें बचाया। लोगों को एकत्रित होने पर आरोपी धमकी देते हुए भाग गए। पीड़िता के अनुसार आरोपियों पर पहले भी मारपीट का मुकदमा चल रहा है।
मामला न्यायालय में विचाराधीन है। पीड़िता के अनुसार वह बुधवार की घटना के बाद बेटी को लेकर थाने पर गई, लेकिन वहां सुनवाई नहीं हुई। जिसके बाद एसपी देहात के कार्यालय आना पड़ा। शिकायत सुनने के बाद एसपी देहात ने कांठ थाना इंस्पेक्टर को रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए हैं।
