बरेली: चंद्रपुर बिचपुरी में नया विवाद छिड़ा, मंदिर निर्माण की मांग कर कलेक्ट्रेट पर किया प्रदर्शन
अमृत विचार, बरेली। चंद्रपुर बिचपुरी गांव में मजार निर्माण के बाद विवाद शांत हो गया था, लेकिन शुक्रवार को नया विवाद छिड़ गया है। बरेली विकास प्राधिकरण द्वारा मजार का निर्माण कराने के बाद अब क्षेत्रीय ग्रामीणों ने निर्माणाधीन शनि मंदिर के मुख्य गेट और दीवार निर्माण की मांग जोरशोर से उठाई है। शुक्रवार को …
अमृत विचार, बरेली। चंद्रपुर बिचपुरी गांव में मजार निर्माण के बाद विवाद शांत हो गया था, लेकिन शुक्रवार को नया विवाद छिड़ गया है। बरेली विकास प्राधिकरण द्वारा मजार का निर्माण कराने के बाद अब क्षेत्रीय ग्रामीणों ने निर्माणाधीन शनि मंदिर के मुख्य गेट और दीवार निर्माण की मांग जोरशोर से उठाई है। शुक्रवार को मंदिर के पुजारी अन्य साधु संतों व ग्रामीणों को लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे और बीडीए उपाध्यक्ष के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों ने क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों पर मंदिर निर्माण के लिए आवाज नहीं उठाने का आरोप लगाया। कहा कि जनप्रतिनिधियों को मंदिर के निर्माण का मामला जोरशोर से उठाना चाहिए। ग्रामीणों ने बताया कि बीडीए के अधिकारी सड़क चौड़ीकरण के नाम पर अब शिव मंदिर की दीवार को नुकसान पहुंचाने की बात कर रहे हैं। जबकि यह मंदिर करीब डेढ़ सौ साल पुराना है।
बीडीए के एक अधिकारी पर मंदिर के पुजारी से अभद्रता करने का भी आरोप लगाया। काफी देर तक प्रदर्शन करने के बाद ग्रामीणों ने अपर नगर मजिस्ट्रेट प्रथम रोहित कुमार यादव को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान शिव मंदिर के पुजारी महेश मुनि ने बताया कि कुछ दिन से बीडीए के अधिकारी शिव मंदिर की दीवार भी सड़क चौड़ीकरण में बाधा बता रहे हैं। अधिकारी कई बार आए हैं। उनके विरोध पर अभद्रता की। दीवार कब्जे की भूमि पर नहीं है।
महेश मुनि के अनुसार बीडीए ने मंदिर का निर्माण नहीं कराया तो उग्र आंदोलन करेंगे। इसके बाद भी निर्माण कार्य नहीं किया तो साधु संतों को एकत्र कर अधिकारियों का घेराव करेंगे। प्रदर्शन करने वालों में शिखर शेरयान, दीपक गंगवार, वेद प्रकाश, राजेंद्र प्रसाद, लक्ष्मी देवी, ओमकार, लालाराम, सेवा राम, सचिन आदि शामिल रहे।
बता दें कि पिछले माह बीडीए ने अधिग्रहित जमीन पर अवैध रूप से किए गए निर्माण कार्यों के खिलाफ कार्रवाई की। मजार और मंदिर के मुख्य गेट व दीवार को भी ढहा दिया था। इसके बाद मजार निर्माण को लेकर काफी तनाव रहा था।
