बरेली: संस्थागत परीक्षा के आवेदन की तिथि घोषित, व्यक्तिगत की मांग

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, बरेली। एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने संस्थागत परीक्षाओं की तैयारी शुरू कर दी है। शासन के निर्देश पर विश्वविद्यालय ने संस्थागत मुख्य परीक्षाएं मई में आयोजित कराने के लिए आवेदन फार्म भरने की तिथियां जारी कर दी हैं। आवेदन फार्म 20 फरवरी से विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर ऑनलाइन भरे जाएंगे। दूसरी ओर व्यक्तिगत फार्म …

अमृत विचार, बरेली। एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने संस्थागत परीक्षाओं की तैयारी शुरू कर दी है। शासन के निर्देश पर विश्वविद्यालय ने संस्थागत मुख्य परीक्षाएं मई में आयोजित कराने के लिए आवेदन फार्म भरने की तिथियां जारी कर दी हैं। आवेदन फार्म 20 फरवरी से विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर ऑनलाइन भरे जाएंगे। दूसरी ओर व्यक्तिगत फार्म पर अभी तक विश्वविद्यालय ने कोई निर्णय नहीं लिया है। इस संबंध में शुक्रवार को समाजवादी छात्र सभा ने मेरठ विश्वविद्यालय के आदेश को आधार बनाकर व्यक्तिगत फार्म भरवाने को लेकर कुलसचिव डा. सुनीता पांडेय से मांग की है।

परीक्षा नियंत्रक संजीव कुमार सिंह के मुताबिक, विश्वविद्यालय मुख्य परीक्षा वर्ष 2021 के स्नातक यानी बीए, बीएससी, बीकॉम और स्नातकोत्तर यानी एमए, एमएससी और एम. कॉम के संस्थागत फार्म 20 फरवरी से भरे जाएंगे। इसके अलावा पूर्व छात्रों के परीक्षा आवेदन पत्र और एकल विषय (केवल प्रतियोगी परीक्षा के विषय के लिए) के आवेदन फार्म भी इसी तिथि से भरे जाएंगे।

विश्वविद्यालय ने खेलकूद एवं शारीरिक शिक्षा और पर्यावरण विज्ञान के छात्रों को भी विशेष अनुमति के तहत परीक्षा फार्म भरने की अनुमति दी है। छात्र वेबसाइट पर ऑनलाइन फार्म और शुल्क जमा कर सकेंगे। परीक्षार्थी को आवेदन फार्म भरने के लिए एक महीने का समय दिया गया है। परीक्षा फार्म भरने की अंतिम तिथि 19 मार्च निर्धारित की गई है। छात्र 20 मार्च तक भरे हुए फार्म महाविद्यालय में जमा कर सकेंगे। महाविद्यालयों को 24 मार्च तक भरे हुए आवेदन फार्मों को ऑनलाइन अनुमोदित करना होगा। बरेली मंडल के महाविद्यालयों को 25 मार्च और मुरादाबाद मंडल के महाविद्यालयों को 26 मार्च तक विश्वविद्यालय में फार्म जमा करने होंगे।

निर्णय न होने से छात्र परेशान
निजी परीक्षा आवेदन (प्राइवेट फार्म) भरने को लेकर रुहेलखंड विश्व विद्यालय द्वारा कोई भी निर्णय न लेने की वजह से छात्र परेशान हैं। शुक्रवार को समाजवादी छात्र सभा के कार्यकर्ताओं ने चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय, मेरठ की तरह रुहेलखंड विश्वविद्यालय में भी निजी फार्म भरने के लिए आवेदन की तिथि जल्द घोषित करने की मांग की है। छात्रों ने कुलसचिव डा. सुनीता पांडेय को सीसीएसयू द्वारा व्यक्तिगत फॉर्म को लेकर जारी पत्र भी कुलसचिव को दिया है। इस पत्र में नई शिक्षा नीति का हवाला देते हुए दूर-दराज, ग्रामीण एरिया और छात्राओं की पढ़ाई पर फोकस करने की बात लिखी है।

सछास ने पहले भी व्यक्तिगत परीक्षा फार्म भरने को लेकर मांग की थी। उनका कहना है कि छात्र भ्रम की स्थिति में हैं कि इस बार व्यक्तिगत परीक्षा फार्म भरे जाएंगे या नहीं। इससे छात्रों की तैयारी पर भी असर पड़ रहा है। कुलसचिव ने छात्रों से कहा कि इसे लेकर जल्द ही एक मीटिंग होने वाली है। मीटिंग के बाद निर्णय लिया जाएगा। ज्ञापन देने वालों में समाजवादी छात्र सभा के महानगर अध्यक्ष फैज मोहम्मद, अभिषेक यादव, हरिओम गंगवार, आयुष गंगवार, ओसाफ चौहान, विक्रांत रोशन, खड़क सिंह, राजू मौर्य आदि शामिल रहे।

संबंधित समाचार