मुरादाबाद: दहेज की मांग पूरी न होने पर महिला की हत्या का प्रयास, एसएसपी ने रिपोर्ट दर्ज करने के दिए आदेश
मुरादाबाद,अमृत विचार। दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुरालियों ने विवाहिता की हत्या का प्रयास किया। शोर-शराबा होने पर पड़ोसियों ने बीच-बचाव करा दिया तो ससुरालियों ने महिला को कमरे में बंद कर दिया। किसी तरह महिला ने इसकी सूचना मायके वालों को दी तो वह भी मौके पर आ गए। मायके वालों के …
मुरादाबाद,अमृत विचार। दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुरालियों ने विवाहिता की हत्या का प्रयास किया। शोर-शराबा होने पर पड़ोसियों ने बीच-बचाव करा दिया तो ससुरालियों ने महिला को कमरे में बंद कर दिया। किसी तरह महिला ने इसकी सूचना मायके वालों को दी तो वह भी मौके पर आ गए। मायके वालों के साथ भी ससुरालियों ने अभद्रता कर महिला को निकाल दिया। पीड़िता की शिकायत पर एसएसपी ने भोजपुर थाना पुलिस को रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए हैं।
भोजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम ठीकरी निवासी राबिया ने एसएसपी को पत्र सौंपा। राबिया का कहना था कि उसका निकाह मार्च 2020 को मैनाठेर थाना क्षेत्र के ग्राम नगलियां मशकूल निवासी मोविस आलम के साथ हुआ था। निकाह के वक्त मायके वालों ने पर्याप्त दहेज दिया था। इसके बाद भी ससुराली खुश नहीं थे और वह एक लाख रुपए की मांग करने लगे। इंकार करने पर ससुराली उसे शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगे। कई बार मारपीट करने के साथ गला दबाकर उसकी हत्या करने का प्रयास किया। महिला के अनुसार शोर-शराबा होने पर पड़ोसियों ने किसी तरह उसे बचाया।
महिला का आरोप है कि इसके बाद ससुरालियों ने उसे भूखे-प्यासे कमरे में बंद कर दिया। किसी तरह उसने मायके वालों को सूचना दी तो वह भी मौके पर आ गए। आरोप है कि मायके वालों के साथ अभद्रता कर उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया। महिला के अनुसार उसने भोजपुर थाने में तहरीर भी दी लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। एसएसपी ने भोजपुर पुलिस को रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए हैं।
