हल्द्वानी: सड़क एजेंसियां कोमा में, पुलिस बना रही स्पीड ब्रेकर
हल्द्वानी,अमृत विचार। सड़क निर्माण और देखरेख से जुड़ी एजेंसियां दुर्घटना संभावित स्थलों पर बचाव के ठोस कदम नहीं उठा रही हैं। सड़कों की ढांचागत समस्या के चलते जिले में लगातार सड़क हादसों का ग्राफ उठ रहा है। एसएसपी की समीक्षा में ये तथ्य प्रकाश में आए हैं। सड़क हादसों के एक बड़े कारक ओवरस्पीड की …
हल्द्वानी,अमृत विचार। सड़क निर्माण और देखरेख से जुड़ी एजेंसियां दुर्घटना संभावित स्थलों पर बचाव के ठोस कदम नहीं उठा रही हैं। सड़कों की ढांचागत समस्या के चलते जिले में लगातार सड़क हादसों का ग्राफ उठ रहा है। एसएसपी की समीक्षा में ये तथ्य प्रकाश में आए हैं। सड़क हादसों के एक बड़े कारक ओवरस्पीड की रोकथाम के लिए पुलिस ने लिंक मार्गों पर स्पीड ब्रेकर बनाने भी शुरु कर दिए हैं। इसके साथ ही बचाव के लिए जरुरी उपाय करने के लिए संबंधित एजेंसियों से संपर्क साधा जा रहा है।
नैनीताल जिले के पुलिस मीडिया सेल के अनुसार एसएसपी प्रीति प्रियदर्शिनी ने पिछले दिनों जिले में हुई सड़क दुर्घटनाओं की समीक्षा की। इस दौरान पाया गया कि 50 फीसद दुर्घटनाओं का मुख्य कारण संभावित स्थलों पर स्पीड ब्रेकर, रिफ्लेक्टर, गति सीमा, साइन बोर्ड न होना आदि मुख्य है। एसएसपी ने सभी सर्किल के सीओ, प्रभारी निरीक्षक, थानाध्यक्षों को दुर्घटना संभावित स्थलों के निरीक्षण के साथ ही चिन्हित स्थानों पर बचाव के लिए जरुरी कदम उठाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही अधीनस्थों को संबंधित एजेंसियों और क्षेत्रवासियों से समन्वय बनाकर रणनीति बनाने को कहा। एसएसपी के निर्देश के बाद अधीनस्थ भी हरकत में आ गए।
सोमवार को एसपी यातायात देवेंद्र पींचा ने काठगोदाम क्षेत्र में स्टेडियम के सामने बागजाला रोड, गोविंद ग्राम, विजयपुर, नगर निगम इंटर कॉलेज, दमुवाढूंगा, पनचक्की तिराहा, पुराना आरटीओ कार्यालय आदि लिंक मार्गो पर स्पीड ब्रेकर बनाए। एसपी यातायात ने बताया कि थानावार सड़क दुर्घटनाओं पर लगाम कसने के लिए हर जरुरी कदम उठाए जा रहे हैं। वाहन चालकों और आम जन को भी सड़क सुरक्षा और सुरक्षित आवागमन के लिए जागरुक किया जा रहा है।
