किच्छा: कारोबार में विवाद के चलते की गई थी गंगाराम की हत्या, पुलिस ने किया खुलासा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

किच्छा, अमृत विचार। पुलभट्टा थाना पुलिस ने गंगाराम राठौर हत्याकांड का खुलासा करते हुए आरोपी को अवैध तमंचा व खोखा कारतूस के साथ दबोच लिया। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने हत्यारोपी को उत्तराखंड उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती गांव से गिरफ्तार कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी। गंगाराम की हत्या पुश्तैनी विवाद, …

किच्छा, अमृत विचार। पुलभट्टा थाना पुलिस ने गंगाराम राठौर हत्याकांड का खुलासा करते हुए आरोपी को अवैध तमंचा व खोखा कारतूस के साथ दबोच लिया। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने हत्यारोपी को उत्तराखंड उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती गांव से गिरफ्तार कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी।

गंगाराम की हत्या पुश्तैनी विवाद, कारोबारी प्रतिद्वंदिता के चलते की गई थी। पुलभट्टा थाने में गंगाराम हत्याकांड का खुलासा करते हुए एसपी सिटी ममता बोहरा ने बताया कि ग्राम अजीतपुर, थाना पुलभट्टा निवासी नंदकिशोर पुत्र गंगाराम ने मुकदमा दर्ज कराया था कि 21 फरवरी की रात गैराज में सोते हुए उसके पिता गंगाराम राठौर की ग्राम निवासी राजकुमार, रमेश, शिव कुमार, घनश्याम पुत्र मेवाराम फौजी तथा मेवाराम पुत्र स्वर्गीय चोखे लाल ने एकजुट होकर गले में गोली मारकर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गए।

पुलिस ने मृतक के पुत्र नंदकिशोर की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करते हुए आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। एसएसपी के निर्देश पर पुलिस क्षेत्राधिकारी सुरजीत कुमार के नेतृत्व में थाना प्रभारी विनोद जोशी, एसआई दिनेश भट्ट, एसआई बसंत बल्लभ पंत, एसओजी पुलिस कर्मी प्रकाश भगत, नीरज बिष्ट, नरेश चौहान, विनोद मेहता, ललित चौधरी, रंजन बृजवासी की टीम ने सरगर्मी से आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। एएसपी ने बताया कि गठित की गई टीम ने छोटी-छोटी टीम के माध्यम से मुख्य आरोपी राजकुमार उर्फ राजू की फोटो को साथ लेकर उसकी तलाश शुरू कर दी।

इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी राजकुमार उर्फ राजू को ग्राम सकरस, थाना बहेड़ी, जिला बरेली, यूपी क्षेत्र में देखा गया है। सूचना के आधार पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी राजकुमार को दबोच लिया। एएसपी ने बताया कि पुलिस टीम ने आरोपी राजकुमार की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त 12 बोर का एक तमंचा तथा एक खोखा कारतूस बरामद कर कब्जे में ले लिया। पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसके द्वारा स्टोन क्रशर से ट्रैक्टर ट्रॉली के माध्यम से रेता बजरी तथा मिट्टी ढलान का कार्य किया जाता है जबकि मृतक गंगाराम भी यही काम करता था।

आरोपी राजकुमार के अनुसार मृतक गंगाराम उसके ग्राहक काटने का काम करता था और उसके बारे में गलत व आपत्तिजनक बातें किया करता था जिसके चलते उसने बदला लेने की योजना बनाते हुए गंगाराम की हत्या का षड्यंत्र रचा। पुलिस के अनुसार आरोपी ने बताया कि 21 फरवरी को परिवार के सभी लोग उसकी बहन मीना कुमारी के दिल्ली स्थित ससुराल में गए हुए थे। इसी दौरान उसने देर रात्रि गैराज में सो रहे गंगाराम राठौर की गोली मारकर हत्या कर दी और खेतों के रास्ते मौके से फरार हो गया। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। इस मौके पर पुलिस क्षेत्राधिकारी सुरजीत कुमार, पुलभट्टा थाना प्रभारी विनोद जोशी सहित पुलिस टीम मौजूद रहे।