दिल्ली नगर निगम उपचुनाव: आम आदमी पार्टी का ‘चौका’, बीजेपी- 0
नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम के पांच वार्ड में हुए उपचुनावों के बुधवार को घोषित परिणामों में चार वार्ड में आम आदमी पार्टी (आप) के उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की जबकि एक वार्ड में कांग्रेस प्रत्याशी विजयी रहा। निर्वाचन अधिकारियों ने यह जानकारी दी। पहले, इन पांच वार्ड में से एक भाजपा के पास था। …
नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम के पांच वार्ड में हुए उपचुनावों के बुधवार को घोषित परिणामों में चार वार्ड में आम आदमी पार्टी (आप) के उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की जबकि एक वार्ड में कांग्रेस प्रत्याशी विजयी रहा। निर्वाचन अधिकारियों ने यह जानकारी दी। पहले, इन पांच वार्ड में से एक भाजपा के पास था। हालांकि इस बार भाजपा का खाता भी नहीं खुला। नगर निगम के पांच वार्ड के लिए 28 फरवरी को उपचुनाव हुए थे। इनमें 50 फीसदी से अधिक मतदान हुआ था।
चौहान बांगर वार्ड से कांग्रेस उम्मीदवार चौधरी जुबैर अहमद ने आप के उम्मीदवार मोहम्मद इरशाद खान को 10,642 मतों से हराया। कल्याणपुरी, रोहिणी-सी, त्रिलोकपुरी और शालीमार बाग नॉर्थ से आप उम्मीदवार जीते हैं।
आम आदमी पार्टी (आप) के भारी जीत दर्ज करने पर खुशी व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री एवं आप के मुखिया अरविंद केजरीवाल ने मतदाताओं को बधाई दी है और कहा है कि दिल्ली की जनता ने एक बार फिर ‘काम के नाम’ पर मतदान किया है। केजरीवाल ने ट्विटर पर कहा, “ दिल्ली के लोगों ने एक बार फिर ‘काम के नाम’ पर वोट दिया है। सबको बधाई। एमसीडी में 15 साल के भाजपा के कुशासन से जनता परेशान हो चुकी है। लोग अब एमसीडी में भी आप की सरकार बनाने के लिए बेताब हैं। ”
उप मुख्यमंत्री एवं आप के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया ने इन उप चुनावों के नतीजों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा, “एमसीडी उप चुनावों में पांच में से चार वार्डों पर जीत हासिल करने पर आप कार्यकर्ताओं को बधाई। भाजपा के शासन से दिल्ली की जनता अब दुखी हो चुकी है। अगले साल होने वाले एमसीडी चुनावों में जनता अरविंद केजरीवाल जी की ईमानदार और काम करने वाली राजनीति को लेकर आएगी।”
दिल्ली के तीनों नगर निगमों पर 2017 में भाजपा पुन: काबिज हुई थी और आप दूसरे स्थान पर रही थी। कल्याणपुरी वार्ड से आप उम्मीदवार धीरेंद्र कुमार ने 7,043 मतों से जीत दर्ज की। त्रिलोकपुरी से आप उम्मीदवार विजय कुमार ने भाजपा के ओम प्रकाश को 4,986 मतों से हराया। शालीमार बाग नॉर्थ वार्ड से आप की सुनीता मिश्रा ने अपनी प्रतिद्वंद्वी भाजपा की सुरभि जाजू को 2,705 मतों से हराया, यह सीट पहले भाजपा के पास थी। रोहिणी सी से आप के राम चंदर ने भाजपा के अपने प्रतिद्वंद्वी राकेश गोयल को 2,985 मतों से हराया।
