देवरिया: राष्ट्रीय सेवा योजना के सात दिवसीय शिविर का समापन
भटनी/देवरिया, अमृत विचार। बहादुर यादव मेमोरियल स्नातकोत्तर महाविद्यालय और बहादुर यादव महिला महाविद्यालय के पूर्व माध्यमिक विद्यालय हतवां में चल रहे राष्ट्रीय सेवा योजना के सप्त दिवसीय शिविर का समापन हो गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि जीआरपी इंस्पेक्टर मुस्ताक अहमद खान ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि मनुष्य प्रकृति की सर्वोत्तम रचना …
भटनी/देवरिया, अमृत विचार। बहादुर यादव मेमोरियल स्नातकोत्तर महाविद्यालय और बहादुर यादव महिला महाविद्यालय के पूर्व माध्यमिक विद्यालय हतवां में चल रहे राष्ट्रीय सेवा योजना के सप्त दिवसीय शिविर का समापन हो गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि जीआरपी इंस्पेक्टर मुस्ताक अहमद खान ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि मनुष्य प्रकृति की सर्वोत्तम रचना है और इस धरती पर मनुष्य के समस्त मानवीय गुणों में से एक है- सेवा भाव, जिसकी प्रसंशा आदिकाल से होती रही है और सेवा के इस उद्देश्य की पूर्ति राष्ट्रीय सेवा योजना से होती है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे बहादुर यादव मेमोरियल पीजी कालेज के प्राचार्य डॉ. विनोद कुमार यादव ने कहा कि आज का समय चुनौतियों से भरा हुआ है। राष्ट्र निर्माण की दिशा में युवाओं की भूमिका को राष्ट्रीय सेवा योजना जैसे मंच की आवश्यकता है। राष्ट्रीय सेवा योजना युवाओं में देश प्रेम, सेवा भाव, समर्पण, राष्ट्र उत्थान जैसे विचारों को जन्म देता।
बहादुर यादव महिला महाविद्यालय के प्राचार्य ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना से समाज एकता के सूत्र में बंधकर समरसता समभाव एवं सर्वजन सुखाय की भावना को अंगीकार करता है जिससे राष्ट्रवाद और देशभक्ति जन्म लेती है। आज का युवा ऊर्जा से ओतप्रोत है वह भारत को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए तत्पर है लेकिन आवश्यकता इस बात की है कि उसे सही दिशा निर्देशन मिले। उसके अंदर सेवा भाव जागृत किया जाएं। प्रत्येक व्यक्ति के भीतर यदि राष्ट्र की सेवा की संकल्पना जागृत हो जाए तो एक बार फिर भारत को विश्व गुरु बनने से कोई नहीं रोक सकता।
इस अवसर पर महाविद्यालय के कार्यक्रम अधिकारी विजय यादव, डॉ. अनूप कुमार आदि ने भी अपने विचार व्यक्त किए। सात दिवसीय कार्यक्रम में विभिन्न प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। प्रतियोगिता के विजयी प्रतिभागियों को मुख्य अतिथि और कार्यक्रम के अध्यक्ष ने सम्मानित किया। इस मौके पर दुर्गेश यादव, डॉ.कंचन मिश्रा, राहुल यादव, मार्कंडेय यादव, रवि कुमार, राजेश यादव, शिवशंकर मौर्या, वीरेंद्र विश्वकर्मा भी उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन कंचन शर्मा ने किया।
