मुरादाबाद: कोरोना संक्रमण को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट
मुरादाबाद,अमृत विचार। पड़ोसी राज्यों में कोरोना संक्रमितों के मामले बढ़े तो स्वास्थ्य विभाग एक बार फिर अलर्ट हो गया है। मार्च महीने में ही जिले में संक्रमितों की शुरूआत हुई थी। इसको भी ध्यान में रखते हुए इस विभाग ने एक योजना तैयार की है। पखवाड़ा भर तक लगातार विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसमें व्यापारी, …
मुरादाबाद,अमृत विचार। पड़ोसी राज्यों में कोरोना संक्रमितों के मामले बढ़े तो स्वास्थ्य विभाग एक बार फिर अलर्ट हो गया है। मार्च महीने में ही जिले में संक्रमितों की शुरूआत हुई थी। इसको भी ध्यान में रखते हुए इस विभाग ने एक योजना तैयार की है। पखवाड़ा भर तक लगातार विशेष अभियान चलाया जाएगा।
इसमें व्यापारी, मजदूर, वेंडर्स, चालक आदि की कोरोना जांच की जाएगी। सभी के अलग-अलग ग्रुप में नमूने लिए जाएंगे, जिनकी आरटीपीसीआर और रैपिड एंटीजन जांच होगी। इसके लिए सचल दल तैयार किया गया है, जो भ्रमण कर जांच की कार्रवाई करेगा।
एक साल पहले शुरू हुई इस महामारी को लेकर भले ही लोग गंभीर न हो, पर इसका परिणाम कहीं घातक न बन जाए इसलिए स्वास्थ्य विभाग ग्रुप टेस्टिंग करने जा रहा है। मुख्य चिकित्साधिकारी डा. एमसी गर्ग ने बताया कि वायरस अक्सर एक दूसरे के संपर्क में आने से फैलता है।
ऐसी स्थिति से गुजरने वालों में इस वायरस की जांच करने की योजना है। उन्होंने बताया कि चालकों में बस, आटो व रिक्शा चालकों को शामिल किया गया है। अनजानों के साथ सफर करने वाले इन चालकों को नहीं पता होता कि कब कौन से संक्रमण से वह संक्रमित हो चुके हैं। इसी तरह किराना स्टोर, मेडिकल स्टोर, कपड़ा व्यापारी, सब्जी व फल विक्रेताओं को भी शामिल किया गया है। 13 मार्च से 27 मार्च तक यह अभियान चलाया जाएगा।
कब किसकी होगी कोरोना जांच
कब ग्रुप
13 मार्च मजदूर
14 मार्च फल सब्जी विक्रेता
15 व 16 मार्च स्कूल व कालेज
17 मार्च घरेलू यात्री
18 मार्च पान मसाला विक्रेता
19 मार्च खाद्य पदार्थ विक्रेता
20 मार्च रिक्शा-आटो चालक
21 मार्च निजी व सरकारी बस स्टैंड
22 मार्च रंग व पिचकारी विक्रेता
23 मार्च रेस्टोरेंट
24 मार्च बाजार में कपड़ा विक्रेता
25 मार्च किराना व अन्य दुकानदार
26 मार्च घरेलू यात्री
27 मार्च एल्कोहल, भांग, ठंडाई दुकानदार
अस्पताल में लोगों को किया जाएगा जागरूक
मार्च का महीना चल रहा है और स्वास्थ्य विभाग एक बार फिर अलर्ट हो गया है। यह सक्रियता कोरोना संक्रमण को लेकर है। पिछले साल संक्रमण की शुरुआत इसी महीने से हुई थी और इसको गंभीरता से लेते हुए विभाग ने एक योजना तैयार की है। इस योजना के तहत वह लोगों को संक्रमण के प्रति लोगों को जागरूक करेगा। जिला अस्पताल सहित सभी सरकारी अस्पतालों में आने वाले मरीजों को कोरोना संक्रमण और उसके बचाव के बारे में एक बार फिर से जानकारी दी जाएगी। यह जिम्मेदारी अस्पताल में चिकित्सक से लेकर नर्स तक को निभानी होगी।
अपनाएं यह सुझाव
फेस मास्क लगाना न भूलें
शारीरिक दूरी का भी पालन करें
भीड़भाड़ वाले इलाकों से करें खुद को दूर
सफाई के प्रति रहें जागरूक
सेनिटाइजर का प्रयोग करते रहें
हाथ को ठीक से धोएं
साफ पानी का प्रयोग करें
संक्रमित मामलों पर एक नजर
11900 संक्रमित हो चुके हैं
184 की मौत हो चुकी है
11704 स्वस्थ हो चुके हैं
12 अभी भी आइसोलेशन में है
नोडल अधिकारी डा. डीके प्रेमी
हर ग्रुप का दिन निश्चित कर लिया गया है। टीम तैयार की जा रही है। लैब टेक्नीशियन टीम में शामिल रहेंगे। इसके लिए शिविर नहीं लगाया जाएगा। सचल दल के माध्यम से नमूना लेने का कार्य किया जाएगा। रैपिड एंटीजन और आरटीपीसीआर जांच के लिए अलग अलग नमूना लिया जाएगा।
