बरेली: बाइक सवार युवक को तेज रफ्तार ट्रक ने रौंदा
अमृत विचार, बरेली। बहन के घर शादी में आए युवक को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मौत की खबर के बाद शादी वाले घर में मातम छा गया। उसके बाद सूचना पर पहुंची पुलिस और परिवार के लोग मौके पर पहुंच गए। पुलिस …
अमृत विचार, बरेली। बहन के घर शादी में आए युवक को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मौत की खबर के बाद शादी वाले घर में मातम छा गया। उसके बाद सूचना पर पहुंची पुलिस और परिवार के लोग मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है।
हाफिजगंज थाना क्षेत्र के उधरनपुर गांव निवासी मो. इस्लाम पुत्र उस्मान राज मिस्त्री करता था। रविवार को बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र के परसौना गांव में रहने वाली बड़ी बहन रेशमा के जेठ के बेटे की शादी में शामिल होने के लिए आया था। सोमवार की दोपहर बारात जानी थी। इसी बीच वह बाइक से मोहनपुर की तरफ घूमने के लिए जा रहा था। ट्रांसपोर्ट नगर के पास पहुंचने पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी।
हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि चालक ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया। हादसे की सूचना पर शादी वाले परिवार में हड़कंप मच गया। उसके बाद लोग घटनास्थल की तरफ दौड़ पड़े। सूचना मिलने पर बिथरी पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है। इल्यास छह भाई-बहनों में सबसे छोटा था।
