विदेश की जूठन पर पलने वाले किसानों के कंधे पर बंदूक रखकर चला रहे: योगी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

झांसी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को वीरांगना नगरी झांसी में राजनीतिक विरोधियों पर तीखा हमला करते हुए कहा कि विदेश की जूठन पर पलने वाले किसानों के कंधे पर रखकर बंदूक चला रहे हैं। जालौन व ललितपुर के भ्रमण के बाद निर्धारित समय से करीब 1 घंटे 35 मिनट की देरी …

झांसी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को वीरांगना नगरी झांसी में राजनीतिक विरोधियों पर तीखा हमला करते हुए कहा कि विदेश की जूठन पर पलने वाले किसानों के कंधे पर रखकर बंदूक चला रहे हैं।

जालौन व ललितपुर के भ्रमण के बाद निर्धारित समय से करीब 1 घंटे 35 मिनट की देरी के बाद यहां स्थित राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) पहुंचे मुख्यमंत्री ने झांसी मंडल की 1700 करोड़ की विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण, शिलान्यास व लाभार्थीपरक योजनाओं के प्रमाण पत्रों का वितरण किया।

इस दौरान उन्होंने विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि जो विदेश की जूठन पर पल रहे हैं वे किसानों के कंधों पर बंदूक रखकर चला रहे हैं। देश की समृद्धि देखकर उनके पेट में दर्द होता है,उसी के इलाज के लिए आज हम आपके बीच में हैं। मुख्यमंत्री ने शौर्य और पराक्रम की धरती को नमन करते हुए वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई को नमन करते हुए कहा कि कोविड की लड़ाई को पीएम के नेतृत्व में देश लड़ रहा है। यूपी ने कोरोना प्रबंधन में विश्व पटल पर बेहतरीन प्रदर्शन किया।

उन्होंने सवालिया लहजे में उपस्थित विशाल जनसमूह से पूछा कि झांसी मंडल में आज 1100 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण व लगभग 600 करोड़ की योजनाओं का शुभारंभ हुआ, इससे पहले कभी हुआ क्या। आजादी के बाद की सरकारों ने स्वयं के परिवारों के लिए तो बहुत कुछ किया पर बुंदेलखंड के लिए कुछ नहीं किया। इसकी चिंता केवल मोदी जी ने की, विकास सबका और तुष्टीकरण किसी का नही।

योगी ने कहा कि बुंदेलखंड के हर घर को जल आजादी के 5 साल में मिलना चाहिए था लेकिन हम आज, उसकी आज बात कर रहे हैं। आज कुछ का निरीक्षण करने आया हूं। हम एक्सप्रेस लेन व फोर लेन की कनेक्टिविटी देने का कार्य कर रहे हैं। हमने डिफेंस कॉरीडोर को बुंदेलखंड के विकास का केंद्र बिंदु बनाया है। जब फाइटर विमान यहां बनेंगे और यहां का नौजवान दुश्मन के सीने को छलनी करेगा तो वीरांगना महारानी को सभी याद करेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यहां आने से पहले मैं जालौन गया और वहां यमुना नदी पर बन रहा पुल देखा। यह पुल महज आठ से सात माह मे बनकर तैयार हो जायेगा, ये है स्पीड। पहले ऐसे पुल बनने में सात से आठ वर्ष का समय लगता था। इसके बाद ललितपुर गया, वहां की बांध परियोजना का शुभारंभ किया। हमारे जनप्रतिनिधियों ने जो पुरुषार्थ किया उसका आज परिणाम विकास के रूप में सामने है। प्रधानमंत्री ने पदभार ग्रहण करने के बाद मृदा स्वास्थ्य परियोजना शुरू की, किसानों के हित के लिए नए नए कार्य हो रहे।

उन्होंने कहा, किसान के कंधो पर बंदूक रखकर चलाने वाले उनसे सीखें जो खेती किसानी के बारे में नहीं जानते वे टिप्पणी करते हैं। किसान की जमीन को ले लेना, एमएसपी न मिलना व मंडी बंद करने की बात करते थे आज तक ऐसा कुछ नहीं हुआ। पहले की तुलना में कई गुना धान आज खरीदा, एमएसपी तो बंद नही हुई जिनको भारत की समृद्धि खलती है, विदेश की जूठन पर पलने वाले ऐसे लोगों का इलाज करने आज आप सबके बीच हूं।

इस दौरान भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह,झांसी प्रभारी मंत्री राम नरेश अग्निहोत्री, उत्तर प्रदेश के जलशक्ति मंत्री डॉ. महेंद्र सिंह, झांसी-ललिपुर क्षेत्र सांसद अनुराग शर्मा, सदर विधायक रवि शर्मा, गरौठा विधायक जवाहर लाल राजपूत, बबीना विधायक राजीव सिंह पारीछा, भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष मानवेंद्र सिंह,महापौर रामतीर्थ सिंघल, मऊरानीपुर विधायक बिहारी लाल आर्य, भाजपा के अध्यक्ष मुकेश मिश्रा और जिलाध्यक्ष जमुना कुशवाहा आदि उपस्थित रहे।

संबंधित समाचार