बरेली: कुतुबखाना ओवरब्रिज को शासन की मंजूरी, अब शिलान्यास की तैयारी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली,अमृत विचार। शहर के सबसे व्यस्ततम कुतुबखाना चौराहे पर प्रस्तावित ओवरब्रिज के निर्माण की सभी अड़चनें दूर हो गई हैं। शासन ने ओवरब्रिज की तकनीकी अनुमति दे दी है। अब ओवरब्रिज निर्माण के लिए शिलान्यास की कार्रवाई होगी। सेतु निगम के अधिकारियों के अनुसार, सीपीएम देवेंद्र सिंह ने शासन से आई रिपोर्ट मंडलायुक्त कार्यालय भेज …

बरेली,अमृत विचार। शहर के सबसे व्यस्ततम कुतुबखाना चौराहे पर प्रस्तावित ओवरब्रिज के निर्माण की सभी अड़चनें दूर हो गई हैं। शासन ने ओवरब्रिज की तकनीकी अनुमति दे दी है। अब ओवरब्रिज निर्माण के लिए शिलान्यास की कार्रवाई होगी। सेतु निगम के अधिकारियों के अनुसार, सीपीएम देवेंद्र सिंह ने शासन से आई रिपोर्ट मंडलायुक्त कार्यालय भेज दी है।

ओवरब्रिज निर्माण के लिए करीब 100 करोड़ रुपये से अधिक का बजट पहले ही स्वीकृत हो चुका है। बरेली स्मार्ट सिटी का निदेशक बोर्ड भी इसे मंजूरी दे चुका है। दो दिन पहले बरेली आए नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन भी स्पष्ट रूप से कह चुके हैं कि कुतुबखाना में ओवरब्रिज ही बनेगा। अंडरपास बनाने की गुंजाइश नहीं है।

इससे पहले कार्यभार ग्रहण करने के अगले दिन मंडलायुक्त आर. रमेश कुमार भी कुतुबखाना ओवरब्रिज की तैयारियों की समीक्षा कर चुके हैं। उन्होंने नई तकनीक से ओवरब्रिज का निर्माण करने के लिए सेतु निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए। दो दिन पहले शासन से रिपोर्ट आने के बाद सेतु निगम अब ओवरब्रिज का निर्माण शुरू कराने की रूपरेखा तैयार करने में जुट गया है। डिजाइन भी फाइनल हो चुका है। ओवरब्रिज कोतवाली से चढ़ेगा। कुतुबखाना चौराहे से होकर कोहाड़ापीर चौराहे के पास नैनीताल रोड की तरफ जाकर उतरेगा। इसकी प्रस्तावित लंबाई 1577 मीटर रखी गई है।

इससे पहले ओवरब्रिज की लंबाई 1600 और 1590 रखी गई थी। सेतु निगम ने ओवरब्रिज का डिजाइन नोएडा के आर्किटेक्ट से तैयार कराया है। ओवरब्रिज के पिलर को मेट्रो पिलर की तरह बनाया जाएगा। इसके नीचे रात्रि बाजार भी लगेगा। ओवरब्रिज के नीचे का हिस्सा 660 मीटर का होगा। ओवरब्रिज के नीचे सड़क पर वाहन भी चल सकेंगे। ओवरब्रिज की ऊंचाई पांच मीटर के करीब रखी जाएगी।

“शासन से कुतुबखाना ओवरब्रिज की तकनीकी अनुमति जारी होने की रिपोर्ट मिल गई है। सीपीएम के जरिये रिपोर्ट मंडलायुक्त कार्यालय भिजवा दी गई है। ओवरब्रिज निर्माण शुरू करने में अब कोई पेच नहीं है। शासन से अनुमति मिलने के बाद सभी उलझनें दूर हो गईं हैं।” -बीके सेन, उप परियोजना प्रबंधक सेतु निगम

“सेतु निगम द्वारा कुतुबखाना ओवरब्रिज के मामले में शासन से आई तकनीकी रिपोर्ट कार्यालय आ गई होगी लेकिन मुझे नहीं मिली है। ओवरब्रिज निर्माण को लेकर सेतु निगम के अधिकारियों को पहले ही निर्देश दिए जा चुके हैं।” -आर. रमेश कुमार, मंडलायुक्त

संबंधित समाचार