बरेली: अगले सत्र में नए फर्नीचर पर बैठेंगे 474 स्कूल के बच्चे
बरेली, अमृत विचार। परिषदीय स्कूलों के बच्चे नए सत्र से नए फर्नीचर पर बैठकर पढ़ाई करेंगे। इसके लिए धनराशि आवंटित हो चुकी है। बेसिक शिक्षा विभाग से उच्च प्राथमिक स्कूलों की लिस्ट तैयार करने के लिए कहा गया है। मार्च अंत तक इसका टेंडर भी फाइनल हो जाएगा। समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत सभी उच्च …
बरेली, अमृत विचार। परिषदीय स्कूलों के बच्चे नए सत्र से नए फर्नीचर पर बैठकर पढ़ाई करेंगे। इसके लिए धनराशि आवंटित हो चुकी है। बेसिक शिक्षा विभाग से उच्च प्राथमिक स्कूलों की लिस्ट तैयार करने के लिए कहा गया है। मार्च अंत तक इसका टेंडर भी फाइनल हो जाएगा। समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत सभी उच्च प्राथमिक स्कूलों में फर्नीचर डाला जाना है। इसमें बरेली के लिए नौ करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है जिससे कुल 474 स्कूलों को फर्नीचर मुहैया कराया जाएगा।
यह फर्नीचर हर बार की तुलना में मजबूत और अलग टाइप का होगा। शासन से इस बार फर्नीचर का पूरा डिजाइन तैयार किया गया है। फर्नीचर लोहा और लकड़ी दोनों से बना होगा। फर्नीचर का फ्रेम लोहे से तैयार किया गया है। इसकी खरीदारी जैम पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन की जाएगी जिससे पारदर्शिता बनी रहे।
विभागीय अधिकारियों ने बताया कि फर्नीचर में कुर्सी और मेज एक साथ जुड़े होंगे जिसमें एक बार में तीन छात्र बैठकर पढ़ाई कर सकते हैं। मेज की लंबाई करीब 5 फीट होगी। इससे कुछ छोटी कुर्सी की लंबाई होगी जिसमें 20 एमएम मोटे खोखले लोहे के पाइप लगे होंगे। इतना ही नहीं इस बार फर्नीचर उपलब्ध कराने वाली फर्म को पांच वर्ष के लिए बांड किया जाएगा। उसका करीब 10 फीसदी पेमेंट इसलिए रोका जाएगा ताकि पांच साल के अंदर यदि फर्नीचर में कोई समस्या हुई तो फर्म उसे ठीक करके देगी। बीएसए विनय कुमार का कहना है कि मार्च में टेंडर प्रक्रिया पूरी हो जाएगी और नए सत्र में फर्नीचर का आवंटन भी हो जाएगा।
इससे पहले फर्नीचर में निकल चुकी है गड़बड़ी
भोजीपुरा ब्लॉक के एक परिषदीय स्कूल में विधायक निधि से फर्नीचर डलवाया गया था। डीएम और सीडीओ को फर्नीचर की गुणवत्ता में शक हुआ तो जांच के आदेश दे दिए। जिसमें लकड़ी की गुणवत्ता में कमी पाई गई। इसके बाद डीएम के आदेश पर स्कूल से फर्नीचर वापस करा दिया गया। अन्य स्कूलों के टेंडर को भी निरस्त कर दिया।
“समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत जिले के 474 स्कूलों में फर्नीचर लगाया जाना है। इसके लिए 9 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। मार्च के अंत तक टेंडर प्रक्रिया पूरी हो जाएगी।” -विनय कुमार, बीएसए
