टांडा: गर्भवती को तेज रफ्तार ट्रक ने कुचला, मौके पर मौत
अमृत विचार, टांडा। नव विवाहित महिला की तेज़ रफ़्तार ट्रक से कुचलकर मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मामला टांडा कोतवाली क्षेत्र के मुरादाबाद रोड स्थित बदली के पुल के निकट का है। सुमाइला परवीन (22) पुत्री मोहम्मद हबीब निवासी मोहल्ला भब्बल पुरी का …
अमृत विचार, टांडा। नव विवाहित महिला की तेज़ रफ़्तार ट्रक से कुचलकर मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मामला टांडा कोतवाली क्षेत्र के मुरादाबाद रोड स्थित बदली के पुल के निकट का है। सुमाइला परवीन (22) पुत्री मोहम्मद हबीब निवासी मोहल्ला भब्बल पुरी का विवाह एक वर्ष पूर्व नगर के मोहल्ला आज़ाद नगर निवासी साजेब से हुआ था।
बुधवार की शाम को नव विवाहिता अपने भाई मोहम्मद सालिम के साथ बाइक से दवा लेकर लौट रही थी कि इसी बीच ग्राम बादली के पुल के निकट सड़क दुर्घटना में उसकी मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार सुमाइला का कपड़ा बाइक से लटक रहा था। उसने बाइक चालक अपने भाई से बाइक रोककर कपड़ा सही करने को कहा। उसके भाई ने बाइक को साइड में रोक। वह उतरकर अपना कपड़ा सही कर रही थी इस दौरान पीछे से आ रहे तेज़ रफ़्तार ट्रक ने खड़ी युवती को पीछे से जोरदार टक्कर मार कर कुचल डाला, जिससे नव विवाहित जोकि गर्भवती भी थी उसकी मौके पर ही मौत हो गयी।
स्थानीय लोगों ने ट्रक को पकड़ कर टांडा कोतवाली पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस शव को कब्जे में लेकर टांडा सीएचसी लेकर पहुंची जहां पुलिस की देखरेख में औपचारिकता पूरी करने के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए रामपुर भेज दिया गया। घटना की सूचना पर परिजनों सहित नगर में हड़कम्प मच गया।
बताया जा रहा है कि सुमाइला परवीन का यह दूसरा विवाह हुआ था, प्रथम विवाह नगर के मोहल्ला यूसुफ निवासी सईद मिस्त्री पुत्र जलीस के साथ हुआ था। विवाह के एक साल के भीतर ही तलाक़ हो गया था। इस परिवार में सुमाइला परवीन ने एक पुत्री को जन्म दिया था जिसका पालन पोषण अब पूर्व लड़के पक्ष वाले कर रहे हैं।
