मुरादाबाद : गुरहट्टी चौराहे से अमरोहा गेट तक चला अतिक्रमण हटाओ अभियान, दुकानदारों से हुई नोकझोंक

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, मुरादाबाद। कोरोना संक्रमण को देखते हुए नगर निगम के अधिकारी बाजारों में भीड़ कम करने गए तो दुकानदार उनसे भिड़ बैठे। अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया, जिसका वे विरोध करने लगे। अधिकारियों के साथ उनकी जमकर नोकझोंक हुई। इस पर प्रवर्तन दल की टीम के साथ पहुंचे अधिकारियों ने सख्ती करते हुए कई …

अमृत विचार, मुरादाबाद। कोरोना संक्रमण को देखते हुए नगर निगम के अधिकारी बाजारों में भीड़ कम करने गए तो दुकानदार उनसे भिड़ बैठे। अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया, जिसका वे विरोध करने लगे। अधिकारियों के साथ उनकी जमकर नोकझोंक हुई। इस पर प्रवर्तन दल की टीम के साथ पहुंचे अधिकारियों ने सख्ती करते हुए कई दुकानदारों पर जुर्माना ठोकने की कार्रवाई की है। महानगर के बाजारों में अतिक्रमण का बुरा हाल है। कोरोना संक्रमण के इस दौर में सावधानी बरतने जैसा माहौल भी वहां दिखाई नहीं दे रहा है। न तो शारीरिक दूरी का पालन ग्राहकों से करवाया जा रहा है, न ही मास्क के लिए टोकने की जेहमत उठाई जा रही है।

हालत यह है कि दुकानों के बाहर तक सामान फैला रहता है, जिससे सड़क पर चलने का मार्ग संकरा हो जाता है। ऐसे में शारीरिक दूरी का पालन कर पाना असंभव होता है। इसको लेकर ही नगर निगम के अधिकारी प्रवर्तन दल की टीम के साथ सोमवार को बाजारों में पहुंचे थे। गुरहट्टी चौराहा से अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू किया गया, जो अमरोहा गेट तक चला। सबसे अधिक व्यस्त कहे जाने वाले इस मार्ग पर लोगों की काफी भीड़ रहती है। जाम लगता है और शारीरिक दूरी का पालन हो पाना मुश्किल हो जाता है।

लिहाजा नगर आयुक्त संजय चौहान ने बाजारों में सड़क तक पसरी दुकानों को समेटने की कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके तहत अमरोहा गेट तक करीब तीन दर्जन दुकानों का सामान हटवाया गया। इस दौरान अमरोहा गेट पर दो दुकानदार अधिकारियों से भिड़ गए। काफी देर तक उनमें नोकझोंक होती रही। प्रवर्तन दल की टीम ने लाठियां फटकारकर विरोध को शांत कराया। दुकानदारों का कहना था कि उन्हें बेवजह परेशान किया जाता है। कोरोना के कारण वैसे ही नुकसान हो रहा है। अब इस तरह के अभियान से परेशानी बढ़ाई जा रही है। कर अधीक्षक साहब सिंह ने बताया कि कोरोना प्रोटोकाल का पालन हो सके, इसलिए सख्ती की जा रही है। 15 दुकानदारों से जुर्माना भी वसूला गया है।

सड़क पर न बिछाएं सामान तो कहां ले जाएं
सड़क पर यह सामान न बिछाएं तो कहां ले जाएं। काम तो करना पड़ेगा, नहीं तो रोटी भी नसीब नहीं होगी। अतिक्रमण अभियान के दौरान सामान हटवाए जाने पर गुस्साई महिला निगम कर्मचारियों पर बरस पड़ी। महबूबा बेगम नाम की यह महिला चप्पल का फड़ लगाती है। टाउनहाल पर जब कार्रवाई हुई तो उसका भी फड़ हटा दिया गया। उसने विरोध किया और बिफर गई। हालांकि उसे समझा-बुझाकर शांत करा दिया गया और शासन के निर्देश पर कार्रवाई का हवाला देते हुए उससे अन्य स्थान पर जाने को कहा गया।

एक दुकान में घुस रहे कई-कई लोग
शारीरिक दूरी की पूरी तरह से धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। निगम की कार्रवाई से सड़क पर जरूर कुछ समय के लिए अतिक्रमण छंट गया। लेकिन टीम के जाते ही फिर वही हाल शुरू हो गया। सोमवार करीब 11 बजे से यह अभियान चला था। दोपहर 2 बजे तक कार्रवाई हुई और शाम 4 बजे तक दोबारा वही स्थिति शुरू हो गई। दुकानों के अंदर भी काफी संख्या में ग्राहकों के घुसने से शारीरिक दूरी की धज्जियां उड़ती दिखाई दीं।

संबंधित समाचार