बरेली: रात्रि कर्फ्यू- शाहजहांपुर तक सवारियां ढो रहे टेंपो चालक

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। जब से शासन ने रात्रि कर्फ्यू लगाया है तब से आटो वालों ने लूट मचानी शुरू कर दी है। नियमों को ताक पर रखकर ऑटो वाले यात्रियों की जेब ढीली करने के साथ उनकी जान से खिलवाड़ भी कर रहे हैं। ऑटो सिर्फ जिले में 16 किलोमीटर की परिधि में सवारियां ले …

बरेली, अमृत विचार। जब से शासन ने रात्रि कर्फ्यू लगाया है तब से आटो वालों ने लूट मचानी शुरू कर दी है। नियमों को ताक पर रखकर ऑटो वाले यात्रियों की जेब ढीली करने के साथ उनकी जान से खिलवाड़ भी कर रहे हैं। ऑटो सिर्फ जिले में 16 किलोमीटर की परिधि में सवारियां ले जा सकते हैं लेकिन वह लोगों की मजबूरी का फायदा उठाकर शाहजहांपुर तक सवारियां ढोने को तैयार हैं। शनिवार रात सेटेलाइट बस अड्डे पर इसी तरह का नजारा देखने को मिला। सवारियां न मिलने पर मजबूरी में लोग इन ऑटो से ही जाने को तैयार हो गए।

संभागीय परिवहन विभाग की तरफ से सीएनजी से चलने वाले ऑटो को केंद्र से 16 किलोमीटर परिधि में ही ऑटो चलाने की अनुमति मिलती है। इससे अधिक दूरी तय करना इनके लिए प्रतिबंधित होता है। पकडे़ जाने पर चालान काटने के साथ ही साथ वाहन भी सीज किया जा सकता है। लेकिन रात्रि कालीन कर्फ्यू में ऑटो वालों ने सभी नियमों को तार-तार कर दिया है।

वह सैटेलाइट बस अड्डे से शाहजहांपुर की सवारियां भरते हैं। एक सवारी से वह 200-300 रुपये तक वसूल करते हैं। जिस ऑटो में केवल 3 सवारियों को ले जाने की अनुमति होती है, उसमें एक बार में आठ-आठ सवारियां भरकर ले जाते हैं। ऐसे में यदि हाइवे पर कोई हादसा होता है तो इसकी जिम्मेदारी किसकी होगी।

सूत्रों की माने तो यह ऑटो चालक बीच रास्ते में जाकर अपने बताए हुए पैसों को भी बढ़ा देते हैं। यात्री जब इसका विरोध करते हैं तो वह बीच रास्ते में ही उतरने के लिए बोल देते हैं। रात की वजह से मजबूरी में यात्रियों को ऑटो वालों के मन मुताबिक पैसे देने पड़ते हैं। बताते चलें कि बरेली से शाहजहांपुर तक की दूरी करीब 80-90 किलोमीटर तक है।

अभी इस बारे में मुझे कोई जानकारी नहीं मिल पाई। कोई भी ऑटो 16 किलोमीटर परिधि से अधिक नहीं जा सकता। आज रात को ही इनके खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी। -जेपी गुप्ता, एआरटीओ प्रवर्तन

संबंधित समाचार