बरेली: ऑक्सीजन लेने युवक लगा लाइन में, भाई की हो गई मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। कोरोना के बढ़ने के साथ मरीजों के लिए ऑक्सीजन सिलेंडरों की भयंकर कमी के बीच परसाखेड़ा इंडस्ट्रियल एरिया में एक ऑक्सीजन प्लांट पर खड़े लोगों ने जमकर हंगामा किया। बताते हैं कि ऑक्सीजन रिफिल कराने के लिए लाइन में कई घंटे तक खड़े होकर इंतजार कर रहे एक व्यक्ति के भाई की …

बरेली, अमृत विचार। कोरोना के बढ़ने के साथ मरीजों के लिए ऑक्सीजन सिलेंडरों की भयंकर कमी के बीच परसाखेड़ा इंडस्ट्रियल एरिया में एक ऑक्सीजन प्लांट पर खड़े लोगों ने जमकर हंगामा किया। बताते हैं कि ऑक्सीजन रिफिल कराने के लिए लाइन में कई घंटे तक खड़े होकर इंतजार कर रहे एक व्यक्ति के भाई की मौत हो गई।

इसके अलावा कई और लोगों भी लाइन लगाए खड़े थे, जो अपने किसी प्रियजन के लिए सिलेंडर पाने को परेशान थे। घंटों इंतजार के बावजूद जब उन्हें सिलेंडर नहीं मिला तो उन्होंने बखेड़ा शुरू कर दिया। इसके बाद वहां पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला शांत कराया। आरोप था कि प्लांट पर सिलेंडर की कालाबाजारी की जा रही है, जबकि जिन लोगों के परिजन जिंदगी व मौत के बीच लटक रहे हैं, उनकी किसी को कोई परवाह ही नहीं है।

महामारी के इस जटिल दौर में कोविड के मरीजों को बचाने के लिए उनके तीमारदार ऑक्सीजन पाने को कड़ी मशक्कत कर रहे हैं। इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि शहर के दूर इंडस्ट्रियल एरिया परसाखेड़ा में लगे एक ऑक्सीजन प्लांट में सुबह 6 बजे से ही लोग लाइन लगाकर खड़े हो गए थे, ताकि उनके ऑॅक्सीजन सिलेंडर की रिफलिंग जल्द ही हो सके।

बताते हैं कि सुबह से खड़े बड़ी संख्या में लोगों को दोपहर तक सिलेंडर रिफिल होकर नहीं मिले। जबकि वहां कालाबाजारी के लिए सिलेंडर की आपूर्ति पिछले दरवाजे से लगातार हो रही थी। इस बीच वहां नगर निगम के उपसभापति संजय राय भी अपने एक पड़ोसी के कोरोना संक्रमित होने के बाद गैस सिलेंडर को रिफिल कराने के लिए पहुंचे थे। उनका भी कहना था कि लोग कड़ी धूप और संक्रमण के खतरे के बीच अपनों की जान बचाने के लिए सिलेंडर पाने को खड़े हुए थे।

बताते हैं कि इस बीच सुबह से लाइन में लगाए खड़े एक व्यक्ति का भाई भी कोरोना संक्रमित होने के बाद अस्पताल में भर्ती हुआ था लेकिन समय से ऑक्सीजन की आपूर्ति न हो पाने के चलते उनके भाई की मौत हो गई। इसके बाद वहां माहौल खराब हो गया। इसके अलावा लाइन में खड़े अन्य लोग भी गुस्से में आ गए और उन्होंने सिलेंडर समय से न मिलने को लेकर हंगामा शुरू कर दिया।

परसाखेड़ा में ऑक्सीजन प्लांट पर कुछ लोगों ने हंगामा किया था। सूचना पर पुलिस पहुंच गई थी। सुरक्षा के लिहाज से पुलिस की ड्यूटी प्लांट पर लगाई जा रही है। -धर्मेंद्र सिंह, इंस्पेक्टर, सीबीगंज

संबंधित समाचार