अलीगढ़ के बाद अब मथुरा पहुंचे सीएम योगी, स्वास्थ्य सेवाओं की करेंगे समीक्षा
मथुरा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मथुरा पहुंच चुके हैं। वह कोरोना के लिए बनाए कमांड एंड कंट्रोल सेंटर व सरकारी अस्पताल का निरीक्षण करने के लिए यहां आएं हैं। मुख्यमंत्री यहां तैनात अधिकारियों से समीक्षा बैठक में कोरोना से लड़ाई के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे। इसके उपरांत सरकारी अस्पताल में …
मथुरा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मथुरा पहुंच चुके हैं। वह कोरोना के लिए बनाए कमांड एंड कंट्रोल सेंटर व सरकारी अस्पताल का निरीक्षण करने के लिए यहां आएं हैं।
मुख्यमंत्री यहां तैनात अधिकारियों से समीक्षा बैठक में कोरोना से लड़ाई के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे। इसके उपरांत सरकारी अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा भी करेंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का हेलीकॉप्टर वेटरनरी विश्वविद्यालय के हेलीपैड पर आज दोपहर में उतरा। यहां जिले के आला अधिकारी मौजूद रहे। सीएम मथुरा में पहुंचने से पहले अलीगढ़ गए थे।
मथुरा से पहले अलीगढ़ आए थे सीएम योगी
उन्होंने वहां पर कमांड एंड कंट्रोल सेंटर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सीएम ने सूचनाओं के आदान-प्रदान, कोविड मरीज़ो के रिकॉर्ड, आइसोलेशन की स्थिति व कोविड से बचाव की व्यवस्थाओं पर सवाल भी पूछे।
मुख्यमंत्री के साथ प्रभारी मंत्री सुरेश राणा भी मौजूद रहे। यहां से सीधे अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज के सभागार में बैठक करने पहुंचे।
ऑक्सीजन संकट का मुद्दा मुख्यमंत्री के सामने उठा
मुख्यमंत्री ने जेएन मेडिकल कॉलेज में कोरोना वायरस संक्रमण से रोकथाम के लिए किए जा रहे उपायों के संबंध में विचार विमर्श किया। मेडिकल कॉलेज के डेंटल कॉलेज वाले ऑडिटोरियम में हुई बैठक में मुख्यमंत्री के समक्ष मेडिकल कॉलेज में हो रही ऑक्सीजन की आपूर्ति में परेशानी की बात भी रखी गई।
मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि जल्द से जल्द यह व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी कि मेडिकल कॉलेज को थोड़ी देर के लिए भी ऑक्सीजन का संकट न करना पड़े।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने मेडिकल कॉलेज की क्षमता, चिकित्सा संस्थान, उपलब्ध संसाधन, आगामी विस्तार की परियोजनाएं, बेड की क्षमता, कोविड-19 टेस्टिंग की मशीनें आदि के विषय में जानकारी ली।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि जल्दी मेडिकल कॉलेज की उपकरणों की क्षमता में विस्तार किया जाएगा। इस दौरान कुलपति प्रोफेसर तारिक मंसूर, मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल प्रोफेसर शाहिद अली सिद्दीकी, रजिस्ट्रार अब्दुल हमीद व प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
