मुरादाबाद: जुआरियों को पकड़ने गई पुलिस टीम पर फायरिंग, तीन गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद। कटघर क्षेत्र में जुआ और सट्टेबाजी की सूचना मिलने पर दबिश देने गई एसओजी की टीम पर मोहल्ले वालों ने हमला बोल दिया। मुख्य आरोपी को पकड़कर लाते समय अचानक मोहल्ले वालों ने छतों से पथराव शुरू कर दिया। इस दौरान एसओजी की टीम को निशाना बनाते हुए फायरिंग भी की गई, जिससे मोहल्ले …

मुरादाबाद। कटघर क्षेत्र में जुआ और सट्टेबाजी की सूचना मिलने पर दबिश देने गई एसओजी की टीम पर मोहल्ले वालों ने हमला बोल दिया। मुख्य आरोपी को पकड़कर लाते समय अचानक मोहल्ले वालों ने छतों से पथराव शुरू कर दिया। इस दौरान एसओजी की टीम को निशाना बनाते हुए फायरिंग भी की गई, जिससे मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। पुलिसकर्मियों ने भी बचने के प्रयास में हवाई फायरिंग की।

एसओजी पर हमले की सूचना पर एसपी सिटी फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। इसके बाद पुलिस ने सर्च अभियान चलाया। पुलिसकर्मियों ने घरों में घुसकर हमलावरों को तलाश किया। इस दौरान मुख्य आरोपी व उसके दो भाइयों को गिरफ्तार कर लिया गया। तीनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।

घटना दोपहर करीब साढ़े बारह बजे कटघर थाना क्षेत्र में दस सराय चौकी स्थित करूला गली नंबर एक पर घटी। एसओजी को सूचना मिली कि गली नंबर एक निवासी इफ्तेखार जुआ और सट्टे का कारोबारी है। वह अपने घर में लोगों को सट्टा खिला रहा है। इस पर एसओजी ने इफ्तेखार के घर पर दबिश दी। पुलिस वालों के अनुसार उन्होंने दरवाजा खुलवाने का काफी प्रयास किया। लेकिन, किसी ने दरवाजा नहीं खोला। इस पर किसी प्रकार अंदर घुसे पुलिसकर्मियों ने इफ्तेखार को दबोच लिया। पुलिस जैसे ही उसे लेकर निकलने लगी तो मोहल्ले वाले हमलावर हो गए।

आरोप है कि छतों से पुलिस को निशाना बनाते हुए पथराव कर दिया गया। इससे पुलिसकर्मियों में भगदड़ मच गई। बचने के लिए वे इधर-उधर छिपे तो छतों से फायरिंग होने लगी। चारों तरफ से घिरने पर टीम ने पुलिस को सूचना देने के साथ ही हवाई फायर कर दिए। पथराव की चपेट में आने से सिपाही जोगेंद्र घायल हो गए। एसओजी पर हमले की सूचना पर पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में एसपी सिटी अमित कुमार आनंद, सीओ कटघर मनीष कुमार और सीओ कोतवाली इंदूभूषण सिद्धार्थ फोर्स के साथ घटनस्थल पर पहुंच गए।

पुलिस ने मोहल्ले की घेराबंदी कर चलाया तलाशी अभियान
पुलिस ने जब घेराबंदी शुरू की तो पथराव करने वाले फरार हो गए। अधिकारियों की मौजूदगी में पुलिस ने काफी देर तक सर्च अभियान चलाया। बाद में पुलिस ने इफ्तेखार के अलावा उसके भाई फरमान और रेहान को गिरफ्तार कर लिया। एसपी सिटी ने बताया कि तीनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। इफ्तेखार पर कई मामले दर्ज हैं, उसका पिता बिट्टू भी सट्टे के अवैध कारोबार में संलिप्त रहता था, जबकि आरोपी की बहन भी चरस व स्मैक बेचने में जेल जा चुकी है। उन्होंने बताया कि अन्य हमलावरों की तलाश की जा रही है।

संबंधित समाचार