सीतापुर: सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर करोड़ों की ठगी, दबोचा गया ‘नटवरलाल’
सीतापुर। उत्तर प्रदेश सरकार के नाम पर धोखाधड़ी करने का एक सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर राज्य भंडारण निगम के फर्जी प्रपत्र तैयार कर एक ‘नटवरलालʼ ने 360 लोगों से करोड़ों रुपए की ठगी कर ली। ठगी का शिकार हुए लोगों ने ज्वाइनिंग न होने पर शिकायत की। …
सीतापुर। उत्तर प्रदेश सरकार के नाम पर धोखाधड़ी करने का एक सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर राज्य भंडारण निगम के फर्जी प्रपत्र तैयार कर एक ‘नटवरलालʼ ने 360 लोगों से करोड़ों रुपए की ठगी कर ली।
ठगी का शिकार हुए लोगों ने ज्वाइनिंग न होने पर शिकायत की। मामला संज्ञान में आने पर विभाग के क्षेत्रीय प्रबंधक ने जिले के रामकोट थाने में केस दर्ज कराया। केस दर्ज होने के बाद आरोपी नटवरलाल की गिरफ्तारी के लिए 20 हजार इनाम भी घोषित किया गया।
इस इनामी को गुरुवार की सुबह रामकोट पुलिस ने क्षेत्र के केशवग्रीन सिटी के पास से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आरोपी को जेल भेज रही है।
क्या है ये पूरा मामला
रामकोट थाना अध्यक्ष संजीत सोनकर ने बताया कि राज्य भंडारण निगम लखनऊ के क्षेत्रीय प्रबंधक संजीव कुमार ने फरवरी 2021 में एक मुकदमा दर्ज कराया था। जिसमें उन्होंने ऑल इंडिया वेयरहाउसिंग कारपोरेशन एंप्लाइज यूनियन के महामंत्री व मूलतः हरदोई जिले के शाहाबाद थाना क्षेत्र के घोरहा के निवासी एसके पांडेय को नामजद किया था।
आरोप था कि इसने उत्तर प्रदेश अपर प्रमुख सचिव गृह व अनु सचिव सहकारिता विभाग के फर्जी आदेश पत्र तैयार कर लोगों को नौकरी के नाम पर ठगा था। इसने राज्य भंडारण निगम में श्रमिक की नौकरी दिलाने के नाम पर प्रदेश के कई जनपदों, सीतापुर के निवासियों सहित 360 लोगों से करोड़ों रुपए की ठगी की थी।
ठगी के शिकार हुए लोगों को जब नौकरी नहीं मिली तो उन लोगों ने पुलिस से शिकायत की थी। पुलिस ने विभाग के अधिकारियों से संपर्क कर जानकारी ली। जिसके बाद विभाग ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कराया था। मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने इसकी गिरफ्तारी के लिए 20 हजार इनाम भी घोषित किया था।
इनाम घोषित होने के बाद पुलिस उसकी सरगर्मी से तलाश कर रही थी। इंस्पेक्टर ने बताया कि थाने में तैनात एसआई अनिल कुमार पांडे व उनकी टीम ने मिलकर गुरुवार को थाना क्षेत्र के केशव ग्रीन सिटी के पास से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को जेल भेजा जा रहा है।
नौकरी ज्वाइन कराने के लिए डीएम पर भी बनाया था दबाव
पुलिस सूत्र बताते हैं कि नटवरलाल बने एसके पांडे ने जिन लोगों को नौकरी के नाम पर ठगा था। उनको शासन के फर्जी दस्तावेजों के आधार पर नौकरी दिलाने की पूरी जद्दोजहद की थी।
उसने बाकायदा इन फर्जी दस्तावेजों को आधार बनाते हुए सीतापुर जिला अधिकारी को लेटर भी लिखा था। उन पर ज्वाइन कराने का दबाव भी बनाया था।
ठगी करने के बाद जारी करता था कर्मचारियों की लिस्ट पुलिस सूत्रों ने बताया कि आरोपी लोगों से ठगी करने के बाद फर्जी सरकारी दस्तावेज तैयार कर बाकायदा उसकी लिस्ट भी जारी करता था।
ताकि ठगी का शिकार हुए लोगों को उसकी बातों पर पूरा भरोसा हो जाए। हाल ही में वह फतेहपुर जनपद के 410 लोगों की व हरदोई जिले की भी 28 तारीख को फर्जी सूची जारी करने वाला था। लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उसे दबोच लिया है।
