खुशखबरी: लंबे इंतजार के बाद जून के आखिर में मिलेगी हवाई अड्डे की सुविधा, भर सकेंगे उड़ान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। कई सालों के लंबे इंतजार के बाद जून माह के आखिर में मूंढापांडे हवाई अड्डा पूरी तरह तैयार हो जाएगा। काफी समय से लंबित चल रहे बिजली के खंभों के लिए प्रशासन के तमाम प्रयासों के बाद ग्रामीणों की स्वीकृति प्राप्त हो गई। गुरुवार को खंभे लगा दिए गए। अब शेष काम …

मुरादाबाद, अमृत विचार। कई सालों के लंबे इंतजार के बाद जून माह के आखिर में मूंढापांडे हवाई अड्डा पूरी तरह तैयार हो जाएगा। काफी समय से लंबित चल रहे बिजली के खंभों के लिए प्रशासन के तमाम प्रयासों के बाद ग्रामीणों की स्वीकृति प्राप्त हो गई। गुरुवार को खंभे लगा दिए गए। अब शेष काम पूरा होने के बाद महानगरवासी यहां से 21 सीटर वायुयान से उड़ान भर सकेंगे।

वर्ष 2012 में जनपद के मूंढापांडे में हवाई पट्टी बनाने के लिए प्रस्ताव पास हुआ था। हवाई पट्टी का निर्माण होने के कुछ साल बाद केंद्र सरकार ने यहां हवाई अड्डा बनाने की अनुमति दे दी थी। इसके बाद 52 हेक्टेयर भूमि पर 21 करोड़ रुपये की लागत से इसका निर्माण शुरू कराया गया। काफी सालों से शहर के लोग हवाई अड्डे से उड़ान भरने का इंतजार कर रहे हैं। इसे इस साल 31 मार्च को चालू किया जाना था। लेकिन, बिजली के चार पोल न लगने की वजह से काम में काफी देरी हुई। इस बात का समाधान एडीएम प्रशासन ने एनएचएआई व ग्रामीणों से वार्ता करके करा दिया। बिजली के चार पोल लगने के बाद बचा हुआ कार्य भी जून तक पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद जून माह के अंत में यहां के लोग हवाई अड्डे से उड़ान भर सकेंगे।

ग्रामीणों का अदा किया धन्यवाद
हवाई अड्डे के कार्य में बाधा बन रहे बिजली के चार खंभों को गुरुवार को लगवा दिया गया। हवाई अड्डे के बराबर में मौजूद कब्रिस्तान के केयरटेकर व ग्रामीणों का कहना था कि ये खंभे उनकी बताई हुई जगह पर लगेंगे। लेकिन, एनएचएआई उन्हें अपने हिसाब से लगवा रहा था। इसको लेकर बुधवार को एडीएम प्रशासन सुरेंद्र कुमार सिंह ने ग्रामीणों से वार्ता की और उन्हें समझाया। ग्रामीणों ने उनकी बात मान ली और बिजली के पोल लगवाने को सहमति दे दी। इस पर एडीएम ने उनका धन्यवाद अदा किया है।

एडीएम प्रशासन सुरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि गुरुवार को बिजली के चार पोल लगवाने का काम पूरा करा दिया गया है। इसके बाद सिर्फ थोड़ा ही काम बाकी रह गया है। इसके लिए सारा सामान पूरा आ चुका है। लाकडाउन की वजह से थोड़ा समय लग गया है। लेकिन, अब जून माह में सभी कार्य पूरे करा दिए जाएंगे। इसके बाद जून माह के आखिरी दिनों में हवाई अड्डा चालू कर दिया जाएगा। बिजली पोल के लगवाने में ग्रामीणों का विशेष सहयोग रहा है। इसके लिए उनका बहुत धन्यवाद।

बिजली विभाग ने चार पोल का काम किया पूरा
एक माह से चार पोल लगाने के फेर में फंसे काम पर सहमति बनने के बाद गुरुवार से बचे पोल को लगाने का काम शुरू हो गया। गुरूवार को बिजली टीम ने मौके पर पहुंचकर क्रेन की मदद से कब्रिस्तान परिसर की दीवार से सटाकर पोल लगवाने का काम शुरू कराया। अफसरों का कहना है कि पोल का काम पूरा होने के बाद टेस्टिंग की जायेगी, फिर एयरपोर्ट अथारिटी के कहने पर सप्लाई शुरू कर दी जाएगी। जनपद के मूंढापांडे हवाई अड्डे के लिए एयरपोर्ट अथारिटी ने बिजली विभाग को इंडीपेंडेंट लाइन के लिए सवा करोड़ रुपए दिए थे। जिसका काम अप्रैल तक पूरा करने की बात हुई, लेकिन अप्रैल में अचानक कोरोना संक्रमण की वजह से काम रुक गया। बाद में बिजली विभाग ने जब काम शुरू करने की कोशिश की तो कुछ जगह एनएचएआई ने आपत्ति जताई, जिससे काम रूका। एनएचएआई से जैसे तैसे बात करके काम शुरू किया।

 

संबंधित समाचार