बरेली: कांकर टोला में बन रही थी मिस इंडिया देशी शराब, गिरफ्तार
बरेली, अमृत विचार। अलीगढ़ में शराब पीने से लोगों की मौत के बाद पैर पसार कर सो रही आबकारी की टीम की आंखें खुल गई हैं। तुरंत ही आबकारी की टीम ने बारादरी क्षेत्र में मिलावटी शराब बनाकर बेच रहे शराब तस्कर को दबोच लिया। उसके पास से पुलिस को शराब बनाने के सामान के …
बरेली, अमृत विचार। अलीगढ़ में शराब पीने से लोगों की मौत के बाद पैर पसार कर सो रही आबकारी की टीम की आंखें खुल गई हैं। तुरंत ही आबकारी की टीम ने बारादरी क्षेत्र में मिलावटी शराब बनाकर बेच रहे शराब तस्कर को दबोच लिया। उसके पास से पुलिस को शराब बनाने के सामान के साथ-साथ क्यूआर कोड भी मिले हैं।
शनिवार दोपहर करीब डेढ़ बजे आबकारी टीम और बारादरी पुलिस ने कांकरटोला के इनाम अली कबाड़ गोदाम पर छापा मारकर वहां से दो केन में आठ लीटर एल्कोहल, दो हजार क्यूआर कोड, दस लीटर यूरिया मिश्रित पानी, आरएस की बोतल समेत यूपी और हरियाणा की मोहर बरामद की है। टीम को वहां पर लेवल लगी 32 खाली बोतल, एक स्टांप-मुहर और आरएस ब्रांड के सात ढक्कन भी मिले।
बताया जाता है कि लंबे समय से यहां पर मिस इंडिया देशी शराब बनाकर दुकानों और लोगों को बेची जा रही थी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है कि वह शराब कहां-कहां बेचा करता था। जिन लोगों के नाम सामने आएंगे उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
दिखावे के लिए करता था कबाड़ का काम
पूछताछ में सामने आया कि कबाड़ी इनाम मियां शराब की खाली बोतलें खरीदने का काम करता था। इसकी आड़ में यूपी व हरियाणा ब्रांड की नकली शराब बनाकर लोगों को बेचकर मोटा मुनाफा कमाता था।
इससे पहले भी पकड़ी जा चुकी है खेप
इससे पहले बारादरी थाना पुलिस व आबकारी की टीम ने दो बार मिलावटी शराब के साथ तस्करों को पकड़ा था। पुलिस को उनके पास से तब नकली ढक्कन, लेवल और भारी मात्रा में क्यूआर कोड मिले थे। पुलिस ने इस मामले में फारार चल रहे लोगों की अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं की है।
शराब दुकानों का स्टॉक हुआ चेक
शनिवार को जिले भर में एडीएम, एसपी सिटी सभी सीओ और आबकारी टीम ने देशी और अंग्रेजी शराब की दुकानों पर अभियान चलाकर चेकिंग की। इस दौरान दुकान के स्टॉक और मिलावट आदि की जांच की गई। हालांकि चेकिंग के दौरान कहीं पर भी गड़बड़ी नहीं मिली।
पुलिस ने कांकर टोला के गोदाम में दबिश देकर एक मिलावटी शराब बनाने वाले को पकड़ा है। उसके पास से क्यूआर कोड, ढक्कन और शराब की बोतले बरामद हुई हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। उसके साथ जुड़े अन्य लोगों की जांच की जा रही है। – रवींद्र कुमार, एसपी सिटी
