शाहजहांपुर: खेड़ा रठा पीएचसी के डॉक्टर की कोरोना संक्रमण से मौत
जैतीपुर (शाहजहांपुर),अमृत विचार। क्षेत्र की खेड़ा रठा पीएचसी के डाक्टर अजय गंगवार का कोरोना संक्रमण से उपचार के दौरान निधन हो गया। उनका इलाज गुड़गांव के मेदांता में चल रहा था। उनकी मां भी कोरोना संक्रमित हैं जोकि बरेली के एक अस्पताल में भर्ती हैं। डा. अजय के सगे बड़े भाई का भी 11 मई …
जैतीपुर (शाहजहांपुर),अमृत विचार। क्षेत्र की खेड़ा रठा पीएचसी के डाक्टर अजय गंगवार का कोरोना संक्रमण से उपचार के दौरान निधन हो गया। उनका इलाज गुड़गांव के मेदांता में चल रहा था। उनकी मां भी कोरोना संक्रमित हैं जोकि बरेली के एक अस्पताल में भर्ती हैं। डा. अजय के सगे बड़े भाई का भी 11 मई को कोरोना संक्रमण की चपेट में आने से निधन हो चुका है।
तीन साल पहले डॉ. अजय गंगवार की जैतीपुर सीएचसी पर तैनाती हुई थी। इसके बाद उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खेड़ा रठ भेज दिया गया। डॉ. अजय कुमार गंगवार पिछले 15 दिनों से कोरोना संक्रमित थे। उनका बरेली के एक अस्पताल में उपचार चला। हालत गंभीर होने पर परिजन मेदांता गुड़गांव में लेकर गए। वहां इलाज के दौरान डा. गंगवार का निधन हो गया। निधन की खबर मिलते ही स्वास्थ्य कर्मियों में शोक की लहर है।
चिकित्सा प्रभारी डॉ. लईक अहमद ने बताया कि यह बहुत ही दुखद घड़ी है। हमारे एक साथी चिकित्सक कोरोना से जंग हार गए। मरीजों की सेवा करते दोनों डॉक्टर शहीद हो गए। डॉ. अजय गंगवार दो भाई थे। बरेली के इज्जतनगर की डिफेंस कालोनी के निवासी थे।
पिछले सप्ताह उनके भाई भी कोरोना संक्रमित होने से दुनिया को अलविदा कह गए थे। डॉ अजय गंगवार के दो बच्चे हैं। बड़ी बेटी तीन वर्ष व दूसरी बेटी 25 दिन की है। डॉ अजय गंगवार के बड़े भाई की भी मृत्यु 11 मई को कोरोना से हो गई थी इस समय उनकी मां भी कोरोना संक्रमित हैं और बरेली के एक निजी अस्पताल में भर्ती हैं बेटे की मौत की सूचना देर शाम तक उन्हें नहीं दी गई।
