अयोध्या को वैश्विक पहचान दिलाने का लक्ष्य, सीएम योगी ने अधिकारियों को दिए खास निर्देश
लखनऊ,अमृत विचार। रामनगरी अयोध्या को वैश्विक पहचान दिलाने के लक्ष्य के साथ विश्वस्तरीय धार्मिक नगरी के रूप में विकसित किया जायेगा। इस संबंध में सभी जिम्मेदार विभागों को भी ध्यान देना होगा। ये बात मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को अपने आवास पर आयोजित बैठक के दौरान कही। इस दौरान अयोध्या के अधिकांश विभागों के …
लखनऊ,अमृत विचार। रामनगरी अयोध्या को वैश्विक पहचान दिलाने के लक्ष्य के साथ विश्वस्तरीय धार्मिक नगरी के रूप में विकसित किया जायेगा। इस संबंध में सभी जिम्मेदार विभागों को भी ध्यान देना होगा। ये बात मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को अपने आवास पर आयोजित बैठक के दौरान कही। इस दौरान अयोध्या के अधिकांश विभागों के उच्च अधिकारी भी शामिल हुए।
बैठक में अयोध्या विकास प्राधिकरण की ओर से एक मास्टर प्लान भी मुख्यमंत्री के सामने अधिकारियों की ओर से प्रस्तुत किया गया। जिसमें दृष्टिकोण प्रपत्र, कार्यान्वयन रणनीति और समेकित अवसंरचना विकास योजना के सम्बन्ध में विस्तार से जानकारी दी गई।
अयोध्या के कोने कोने में विकास हमारी प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या के पुरातन, ऐतिहासिक, धार्मिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक महत्व ध्यान में रखते हुए इसके कोने का विकास किया जायेगा। उन्होंने कहा कि इसके लिए केन्द्र की ओर से पूरा सहयोग है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या के प्राचीन गौरव तथा सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक परम्परा एवं पहचान को पुनर्स्थापित करने के लिए प्रदेश सरकार की ओर से अनेक विकास परियोजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से अयोध्या धाम श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए आकर्षण के बड़े केन्द्र के रूप में उभरेगा।
पर्यटकों की सुविधा का भी रखा जायेगा ध्यान
सीएम ने अधिकारियों से कहा कि श्रद्धालुओं और पर्यटकों को यहां सभी आवश्यक सुविधाएं सुलभ होंगी। ऐसे में परियोजनाओं के लिए आवश्यकतानुसार भूमि की व्यवस्था सर्व सहमति से सुनिश्चित की जाए। उन्होंने निर्देशित किया कि अयोध्या नगरी के विकास के लिए सभी सम्बन्धित विभाग अन्तर्विभागीय समन्वय स्थापित करते हुए तेजी से कार्यों को पूरा करें।
वैदिक नगरी के रूप में विकसित होगी अयोध्या
मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या नगरी को वैदिक नगरी के रूप में विकसित किया जाना है। इसके लिए सभी सम्बन्धित विभाग अपने-अपने दायित्वों का निर्वाह भलीभांति करें। अयोध्या में हवाई अड्डे के विकास एवं निर्माण के लिए भूमि व्यवस्था के कार्य में तेजी लायी जाए। उन्होंने कहा कि अयोध्या नगरी के विभिन्न मार्गों पर निर्मित किए जाने वाले द्वारों में एकरूपता परिलक्षित होनी चाहिए।
बनेगा अंतर्राष्ट्रीय संग्राहलय
मुख्यमंत्री ने प्रस्तावित अंतर्राष्ट्रीय संग्रहालय के सम्बन्ध में निर्देश दिए कि इसके निर्माण में अयोध्या के प्राचीन गौरव के साथ-साथ आधुनिकता का समावेश किया जाए। उन्होंने अयोध्या नगरी में सड़कों के चैड़ीकरण तथा बिजली के तारों की अण्डरग्राउण्डिंग के कार्यों में और तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सम्पूर्ण अयोध्या नगरी की भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए सुविधाओं का विकास करने के लिए विस्तृत कार्ययोजना बनायी जाए।
