बरेली: कोरोना ने रोकी मुंबई और बंगलुरू फ्लाइट की राह

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। कोरोना ने मुंबई और बंगलुरू के लिए शुरू होने वाली फ्लाइट की राह रोक दी। इंडिगो ने दोनों शहरों के लिए फ्लाइट शुरू कराने की तैयारी कर ली थी। एयरबस का संचालन कराने के लिए इंडिगो ने एयरफोर्स से अनुमति लेने के लिए भी आवेदन किया है लेकिन एयरबस के लिए यहां …

बरेली, अमृत विचार। कोरोना ने मुंबई और बंगलुरू के लिए शुरू होने वाली फ्लाइट की राह रोक दी। इंडिगो ने दोनों शहरों के लिए फ्लाइट शुरू कराने की तैयारी कर ली थी। एयरबस का संचालन कराने के लिए इंडिगो ने एयरफोर्स से अनुमति लेने के लिए भी आवेदन किया है लेकिन एयरबस के लिए यहां एप्रेन छोटा होने की वजह से एयरफोर्स में एयरबस को खड़ा रखने के लिए जगह तलाशने को लेकर भी मंथन हो चुका है।

इंडिगो की टीम दो बार स्थानीय एयरपोर्ट और एयरफोर्स के रनवे का दौरा कर व्यवस्थाएं परख चुकी है लेकिन किसी स्तर पर सहमति नहीं बनी। अप्रैल में टीम यहां का दौरा कर दिल्ली लौटी थी, तब यह चर्चा थी कि जल्द फ्लाइट संचालन को लेकर नयी खबर सुनने को मिलेगी लेकिन कोरोना की दूसरी लहर आने से दोनों शहरों के लिए फ्लाइट शुरू कराने की कार्रवाई रुक गयी। हालांकि, लाकडाउन खुलने के बाद उम्मीद जतायी जा रही है कि इंडिगो कंपनी के अधिकारी फिर एयरपोर्ट का दौरा कर सकते हैं। एयरफोर्स से भी जल्द अनुमति मिलने के संकेत हैं।

कोरोना संक्रमण की वजह से मुंबई और बंगलुरू के लिए फ्लाइट शुरू कराने के मामले में आगे की कार्रवाई नहीं हुई। अब लाकडाउन खुला तो चिट्ठियां आएंगी। उम्मीद है कि इंडिगो जल्द संपर्क करेगी। -राजीव कुलश्रेष्ठ, निदेशक बरेली एयरपोर्ट

यात्रियों की संख्या घटी-बढ़ी पर बरेली-दिल्ली फ्लाइट नहीं रुकी
अप्रैल के अंतिम और मई के प्रथम सप्ताह में कोरोना संक्रमण से बेहिसाब मौतें हुईं। हजारों की संख्या में रोज संक्रमित निकले तब यह चर्चा जोरशोर से होने लगी थी कि अब बरेली एयरपोर्ट से दिल्ली-बरेली फ्लाइट का संचालन बंद हो जाएगा। क्योंकि संक्रमण फैलने के डर से यात्रियों ने हवाई यात्रा भी कम कर दी थी। बरेली से दिल्ली और दिल्ली से बरेली आने वाले यात्रियों की संख्या महज 10 से 15 रह गई थी लेकिन एलाइंस एयर ने फ्लाइट का संचालन बंद नहीं किया। संक्रमण की स्थिति देखते हुए फ्लाइट का संचालन जारी रहा।

उम्मीद थी कि संक्रमण कम होने पर यात्रियों की संख्या बढ़ेगी। वैसा हो भी रहा है। संक्रमण कम होने पर अब फ्लाइट में प्रतिदिन 35 से 40 यात्री हवाई यात्रा कर रहे हैं। एलाइंस एयर के स्टेशन मैनेजर ने बताया कि कंपनी ने बरेली से फ्लाइट सुचारू रूप से संचालित करने के लिए शुरू की है। संक्रमण की भयावह स्थिति में कभी ऐसा दिन नहीं आया कि 5 से 8 यात्री ही फ्लाइट में आए गए। यात्रियों की संख्या घटती-बढ़ती रही। कई दिनों से यात्रियों की संख्या बढ़ रही है। कंपनी के लिए यह अच्छे संकेत हैं।

बरेली से लखनऊ, बनारस समेत अन्य शहरों के लिए फ्लाइट शुरू होने के मुद्दे पर मैनेजर ने सिर्फ इतना ही कहा कि बरेली-दिल्ली फ्लाइट के यात्रियों की संख्या ही अन्य शहरों के लिए फ्लाइट शुरू कराने के रास्ते खोलेगी।

संबंधित समाचार