फ्लाइंग सिख मिल्खा सिंह का 91 साल की उम्र में निधन, पंजाब में एक दिन का राजकीय शोक

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

चंडीगढ़। उड़न सिख के नाम से मशहूर महान भारतीय धावक मिल्खा सिंह का शुक्रवार देर रात को जानलेवा कोरोना वायरस के चलते निधन हो गया। वह 91 वर्ष के थे। उनके परिवार के प्रवक्ता ने ये जानकारी दी। 1958 के राष्ट्रमंडल खेलों के चैंपियन और 1960 के रोम ओलम्पिक की 400 मीटर दौड़ में रिकार्ड …

चंडीगढ़। उड़न सिख के नाम से मशहूर महान भारतीय धावक मिल्खा सिंह का शुक्रवार देर रात को जानलेवा कोरोना वायरस के चलते निधन हो गया। वह 91 वर्ष के थे। उनके परिवार के प्रवक्ता ने ये जानकारी दी। 1958 के राष्ट्रमंडल खेलों के चैंपियन और 1960 के रोम ओलम्पिक की 400 मीटर दौड़ में रिकार्ड तोड़ने के बावजूद पदक से चूके मिल्खा सिंह ने चंडीगढ़ के पीजीआई अस्पताल में शुक्रवार रात को अपनी अंतिम सांस ली। परिवार के एक प्रवक्ता ने कहा कि उनका अंतिम संस्कार शनिवार को शाम पांच बजे होगा।

उनके स्वास्थ्य की जानकारी देते हुए पीजीआईएमईआर अस्पताल ने कहा था कि शुक्रवार शाम को कोविड-19 के बाद उत्पन्न हुई जटिलताओं के कारण उनकी हालत गंभीर हो गयी थी। उनका ऑक्सीजन स्तर कम होने लगा और उन्हें बुखार आ गया था। पिछले महीने से कोविड-19 से संक्रमित मिल्खा सिंह का परीक्षण बुधवार को नेगेटिव आया था, जिसके बाद उन्हें कोविड आईसीयू से सामान्य आईसीयू में भेज दिया गया था और डॉक्टरों की एक टीम उनके स्वास्थ्य पर नजर रख रही थी। गुरूवार की रात उन्हें बुखार आ गया था और उनका ऑक्सीजन का स्तर गिर गया था।

हालांकि इससे पहले उनकी हालत स्थिर थी। उन्हें पिछले महीने कोविड-19 संक्रमण हो गया था। उनकी पत्नी 85 वर्षीय अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी निर्मल कौर का भी कोविड-19 संक्रमण से जूझते हुए बीते रविवार को मोहाली के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया था। मिल्खा अस्पताल मे होने के चलते पत्नी के दाह संस्कार में शामिल नहीं हो सके थे। मिल्खा के दिवंगत होने से एथलेटिक्स की दुनिया में एक महान युग का अंत हो गया।

पूरे राजकीय सम्मान के साथ होगा मिल्खा सिंह का अंतिम संस्कार
स्वतंत्र भारत के सबसे बड़े खिलाड़ियों में से एक मिल्खा सिंह का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ शनिवार की शाम यहां किया जायेगा। पंजाब सरकार ने मिल्खा सिंह के निधन पर एक दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है।

मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने ट्वीट कर कहा कि मैने निर्देश दिया है कि दिवंगत मिल्खा सिंह जी का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जायेगा। उन्होंने लिखा कि इसके साथ ही इस महान खिलाड़ी के प्रति सम्मान स्वरूप पंजाब में एक दिन का राजकीय शोक रहेगा।

प्रधानमंत्री ने जताया शोक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मिल्खा सिंह के निधन पर शोक जताया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि हमने एक महान खिलाड़ी को खो दिया है। भारतीयों के दिलों में मिल्खा सिंह के लिए खास जगह थी। उन्होंने लोगों को अपने व्यक्तिव से प्रेरित किया। मैं उनके निधन से बहुत दुखी हूं।

संबंधित समाचार