देश ने मिल्खा सिंह को श्रृद्धांजलि दी, शोक में डूबा हर शख्स
नई दिल्ली। दुनिया भर में अपने प्रदर्शन के जरिए देश को कई बार गौरवान्वित करने वाले मशहूर एथलीट मिल्खा सिंह के निधन से पूरे देश में शोक की लहर है। उनको पहचानने वाला हर एक शख्स उनकी निधन की खबर सुन कर खुद को दुखी महसूस कर रहा है। कोरोना संक्रमित मिल्खा सिंह का शुक्रवार …
नई दिल्ली। दुनिया भर में अपने प्रदर्शन के जरिए देश को कई बार गौरवान्वित करने वाले मशहूर एथलीट मिल्खा सिंह के निधन से पूरे देश में शोक की लहर है। उनको पहचानने वाला हर एक शख्स उनकी निधन की खबर सुन कर खुद को दुखी महसूस कर रहा है। कोरोना संक्रमित मिल्खा सिंह का शुक्रवार को चंडीगढ के एक अस्पताल में निधन हो गया था।
वह करीब 91 वर्ष के थे। महान फर्राटा धावक मिल्खा सिंह के निधन के साथ एक युग के अंत पर पूरे देश ने शोक जताया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि हमने एक ‘बहुत बड़ा’ खिलाड़ी खो दिया। इससे एक सप्ताह पहले उनकी पत्नी और भारतीय वॉलीबॉल टीम की पूर्व कप्तान निर्मल कौर का भी निधन हो गया था।
मोदी ने ट्वीट किया ,‘‘ मिल्खा सिंह जी के निधन से हमने एक बहुत बड़ा खिलाड़ी खो दिया जिनका असंख्य भारतीयों के ह्रदय में विशेष स्थान था। अपने प्रेरक व्यक्तित्व से वे लाखों के चहेते थे । मैं उनके निधन से आहत हूं।’’ उन्होंने आगे लिखा ,‘‘ मैने कुछ दिन पहले ही मिल्खा सिंह जी से बात की थी। मुझे नहीं पता था कि यह हमारी आखिरी बात होगी। उनके जीवन से कई उदीयमान खिलाड़ियों को प्रेरणा मिलेगी। उनके परिवार और दुनिया भर में उनके प्रशंसकों को मेरी संवेदनाएं।’’
In the passing away of Shri Milkha Singh Ji, we have lost a colossal sportsperson, who captured the nation’s imagination and had a special place in the hearts of countless Indians. His inspiring personality endeared himself to millions. Anguished by his passing away. pic.twitter.com/h99RNbXI28
— Narendra Modi (@narendramodi) June 18, 2021
भारतीय खेल जगत ने भी इस प्रेरणादायी खिलाड़ी को श्रृद्धांजलि दी। ट्रैक को अलविदा कहने के बाद भी भारतीय खेलों पर उनकी नजर हमेशा बनी रही। तोक्यो ओलंपिक के लिये क्वालीफाई कर चुके भालाफेंक खिलाडी नीरज चोपड़ा ने ट्वीट किया ,‘‘ हमने एक नगीना खो दिया। वह हर भारतीय के लिये प्रेरणा बने रहेंगे। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे।’’
गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि भारतीय खेलों के सबसे चमकते सितारों में से एक चला गया। उन्होंने कहा ,‘‘ महान फर्राटा धावक फ्लाइंग सिख श्री मिल्खा सिंह जी के निधन से भारत में शोक है ।उन्होंने विश्व एथलेटिक्स पर अमिट छाप छोड़ी । भारत उन्हें खेलों के सबसे चमकते सितार में से एक के रूप् में सदैव याद रखेगा । उनके परिवार को प्रशंसको को मेरी संवेदनाएं ।’’
भारतीय खेल प्राधिकरण ने ट्वीट किया ,‘‘ राष्ट्रमंडल खेल और एशियाई खेलों के स्वर्ण पदक विजेता मिल्खा सिंह के नाम 400 मीटर का राष्ट्रीय रिकॉर्ड 38 साल तक रहा । उनके परिवार और उन लाखों लोगों के प्रति संवेदना जिन्हें उन्होंने प्रेरित किया।’’ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट किया“ ‘फ्लाइंग सिख’ के नाम से लोकप्रिय श्री मिल्खा सिंह की उपलब्धियां देशवासियों को हमेशा गौरवांवित करती रहेंगी। उनके निधन से खेल जगत को हुई क्षति की भरपाई होना कठिन है।” उन्होने दिवंगत आत्मा की शांति की कामना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
प्रदेश में मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा “ भारत के जाने-माने एथलीट एवं ‘फ़्लाइंग सिख’ के नाम से मशहूर मिल्खा सिंह जी के कोरोना से निधन का दुःखद समाचार प्राप्त हुआ। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति व शोकाकुल परिजनों को यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें।”
कांग्रेस महासचिव और उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा “ देश में जब भी उड़ान की कहानियां कही जाएंगी, तब एक ऐसी शख्सियत का नाम जरूर आएगा जिसने रेस के मैदान में देश और करोड़ों भारतीय युवाओं के सपनों को एक नई ऊंचाई दी। मिल्खा सिंह जी, विनम्र श्रद्धांजलि।”
