हरदोई: जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए भाजपा ने ठोकी ताल, प्रेमावती को बनाया उम्मीदवार
हरदोई, अमृत विचार। जिला पंचायत अध्यक्ष पद चुनाव लड़ने के लिए भारतीय जनता पार्टी ने प्रेमावती को प्रत्याशी बनाया है। जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर भाजपा का प्रत्याशी बनाए जाने को लेकर पार्टी में काफी मंथन चल रहा था। काफी मंथन के बाद शीर्ष नेतृत्व ने जिले में प्रेमावती को अपना प्रत्याशी बनाया है। भाजपा …
हरदोई, अमृत विचार। जिला पंचायत अध्यक्ष पद चुनाव लड़ने के लिए भारतीय जनता पार्टी ने प्रेमावती को प्रत्याशी बनाया है।
जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर भाजपा का प्रत्याशी बनाए जाने को लेकर पार्टी में काफी मंथन चल रहा था। काफी मंथन के बाद शीर्ष नेतृत्व ने जिले में प्रेमावती को अपना प्रत्याशी बनाया है।
भाजपा जिला अध्यक्ष सौरभ मिश्रा ने उनके प्रत्याशी बनाए जाने की जानकारी दी है। बताते चलें प्रेमावती सुरसा पंचम से जिला पंचायत सदस्य का चुनाव जीती हैं। चुनाव से पूर्व वह परिषदीय विद्यालय में शिक्षिका थी। चुनाव लड़ने के लिए उन्होंने अपनी नौकरी से त्यागपत्र दिया है। उनके पति पीके वर्मा भाजपा के नेता है।
इससे पहले वह समाजवादी पार्टी में थे लेकिन सत्ता बदलने के बाद उन्होंने सपा का दामन छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया था। गत चुनाव में समाजवादी पार्टी की सरकार के दौरान उन्होंने अपने छोटे भाई की पत्नी को सांडी ब्लाक का प्रमुख भी बनवाया था। पीके वर्मा भाजपा में अवध क्षेत्र के पदाधिकारी भी थे लेकिन पत्नी को चुनाव मैदान में उतारने से पूर्व उन्होंने इस पद से इस्तीफा दे दिया था।
बताते चलें पिछले 20 वर्षों से जिले में जिला पंचायत अध्यक्ष पद का चुनाव ही नहीं हुआ इसकी वजह जिले में निर्विरोध जिला पंचायत अध्यक्ष का निर्वाचन रहा। जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर पिछले 20 वर्षों से पूर्व सांसद नरेश अग्रवाल के परिजनों का ही कब्जा रहा है 20 साल पूर्व उनके भाई मुकेश अग्रवाल निर्विरोध जिला पंचायत अध्यक्ष हुए थे उसके बाद दूसरी पंचवर्षीय में वह पुनः निर्विरोध अध्यक्ष बने ।इसके बाद पंचायत अध्यक्ष का आरक्षण परिवर्तित हो गया सामान्य महिला की सीट होने पर मुकेश अग्रवाल की पत्नी कामिनी अग्रवाल निर्विरोध जिला पंचायत अध्यक्ष चुनी गई।
गत पंचायत चुनाव में एक बार फिर आरक्षण ने मोड़ लिया और जिला पंचायत अध्यक्ष की सीट पिछड़ी महिला के खाते में चली गई इस बार फिर नरेश अग्रवाल ने रिश्तेदार मीरा गुप्ता को चुनाव मैदान में उतारा मीरा गुप्ता पिछड़ी कलवार जाति से ताल्लुक रखती हैं। इस बार के चुनाव में सीट अनुसूचित जाति महिला हो जाने से जिला पंचायत अध्यक्ष के पद पर उनके परिवार का कब्जा समाप्त हो गया।
हालांकि प्रेमवती को पूर्व सांसद नरेश अग्रवाल चुनाव लड़ा रहे हैं शीर्ष नेतृत्व ने भी अग्रवाल को प्रेमावती को जिताने का जिम्मा दिया है। यही नहीं शीर्ष नेतृत्व ने ने जिले में ब्लाक प्रमुख के चुनाव में भी भाजपा प्रत्याशियों को जिताने की जिम्मेदारी अग्रवाल को दी है। इस बार समाजवादी पार्टी ने मुन्नी देवी को प्रत्याशी घोषित किया है।
