आईपीएस मुकुल गोयल बनाए गए उत्तर प्रदेश के नए डीजीपी
लखनऊ। यूपी के पुलिस महानिदेशक पद से बुधवार को हितेश चन्द्र अवस्थी सेवानिवृत्त हो गये। वहीं अब डीजीपी के रूप में मुकुल गोयल चार्ज संभालेंगे उनके नाम की घोषणा बुधवार की शाम को कर दी गयी। मुकुल गोयल अभी तक बीएसएफ एडीजी के पद पर तैनात हैं। वहीं बुधवार को हितेश चन्द्र अवस्थी सेवानिवृत्त होने …
लखनऊ। यूपी के पुलिस महानिदेशक पद से बुधवार को हितेश चन्द्र अवस्थी सेवानिवृत्त हो गये। वहीं अब डीजीपी के रूप में मुकुल गोयल चार्ज संभालेंगे उनके नाम की घोषणा बुधवार की शाम को कर दी गयी। मुकुल गोयल अभी तक बीएसएफ एडीजी के पद पर तैनात हैं। वहीं बुधवार को हितेश चन्द्र अवस्थी सेवानिवृत्त होने से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यानाथ से मिले, उसके बाद पुलिस मुख्यालय पहुंचकर अपना चार्ज एडीजी लॉ एंड आर्डर प्रशांत कुमार को सौंप दिया। ऐसे में दिन भर के लिए प्रशांत कुमार कार्यवाहक डीजीपी बने रहे। लेकिन शाम को सभी कयासों पर विराम लगाते हुए मुकुल गोयल को यूपी की डीजीपी बना दिया गया।
इस संबंध में शासन से आदेश भी जारी कर दिया गया है। अब मुकुल गोयल पर ही यूपी विधानसभा चुनाव 2022 करवाने की जिम्मेदारी होगी। दरअसल बीते मंगलवार को गृह मंत्रालय की अहम बैठक हुई थी। बैठक में प्रदेश के मुख्य सचिव आरके तिवारी व वर्तमान डीजीपी एचके अवस्थी समेत सात अफसर शामिल हुए थे। बैठक के बाद अगले डीजीपी के लिए तीन अफसरों का पैनल भेजा गया था। इसमें मुकुल गोयल का नाम सबसे आगे था।
मुख्यमंत्री ने हितेश चन्द्र अवस्थी के कार्यों को सराहा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हितेश चंद्र अवस्थी को जीवन की नवीन पारी के लिए शुभकामनाएं दी। टीम-9 की बैठक के दौरान प्रशंसा भी की। मुख्यमंत्री ने कहा कि महानिदेशक एचसी अवस्थी 36 वर्षों का कार्यकाल पूर्ण कर सेवानिवृत्त हो रहे हैं। आईपीएस अधिकारी के रूप में उन्होंने अपनी लंबी सेवावधि के दौरान एक अच्छे नेतृत्वकर्ता, तेज-तर्रार अधिकारी के रूप में देश-प्रदेश की सेवा की है।
8 आईपीएस और 12 पीपीएस भी सेवानिवृत्त
हितेश चन्द्र अवस्थी के साथ 8 आईपीएस अधिकारी और सेवानिवृत्त हो गये। इसमें केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर रेलवे सुरक्षा बल के डीजी पद पर तैनात इसी बैच के अरुण कुमार, प्रांतीय पुलिस सेवा से प्रोन्नत हुए सात आइपीएस अधिकारी भी 30 जून को रिटायर हो गए। इनमें आइजी इंटेलीजेंस जेके शुक्ला, आइजी पुलिस मुख्यालय राजेश पांडेय, निलंबित चल रहे डीआइजी दिनेश चंद्र दुबे, डीआइजी पीटीसी सीतापुर दिलीप कुमार, डीआइजी यूपी पावर कार्पोरेशन साधना गोस्वामी, एसपी विजिलेंस वीरेंद्र कुमार मिश्र और एसपी यूपी-112 माधव प्रसाद वर्मा शामिल हैं। वहीं 12 पीपीएस अधिकारी भी सेवानिवृत्त हो गये।
