Doctor’s और Chartered Accountant Day आज- मोदी समेत इन बड़ी हस्तियों ने दी बधाई, जताया आभार
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बृहस्पतिवार को चिकित्सक दिवस के अवसर पर सभी चिकित्सकों को बधाई दी और कहा कि भारत ने चिकित्सा के क्षेत्र में सराहनीय काम किया है तथा दुनिया को स्वस्थ बनाने में योगदान दिया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा, ”चिकित्सक दिवस पर सभी चिकित्सकों को मेरी शुभकामनाएं। चिकित्सा के क्षेत्र …
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बृहस्पतिवार को चिकित्सक दिवस के अवसर पर सभी चिकित्सकों को बधाई दी और कहा कि भारत ने चिकित्सा के क्षेत्र में सराहनीय काम किया है तथा दुनिया को स्वस्थ बनाने में योगदान दिया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा, ”चिकित्सक दिवस पर सभी चिकित्सकों को मेरी शुभकामनाएं। चिकित्सा के क्षेत्र में भारत की प्रगति सराहनीय है। भारत ने दुनिया को स्वस्थ रखने में योगदान दिया है।”
हर साल एक जुलाई राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के रूप में मनाया जाता है। आज ही के दिन देश के महान चिकित्सक और पश्चिम बंगाल के दूसरे मुख्यमंत्री डॉक्टर बिधानचंद्र रॉय का जन्मदिन और पुण्यतिथि है। यह दिन उन्हीं की याद में मनाया जाता है।
देश की प्रगति में चार्टर्ड अकाउंटेंट्स की भूमिका अहम: मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बृहस्पतिवार को सनदी लेखाकार (चार्टर्ड अकाउंटेंट) दिवस पर इस पेशे से जुड़े सभी लोगों को बधाई दी और कहा कि देश की प्रगति में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। सनदी लेखाकार दिवस भारतीय सनदी लेखाकार संस्थान (आईसीएआई) की स्थापना के अवसर पर मनाया जाता है। इसकी स्थापना एक जुलाई 1949 को सनदी लेखाकार अधिनियम 1949 के अंतर्गत की गई थी।
प्रधानमंत्री ने ट्वीट कर कहा, ”सनदी लेखाकार दिवस पर सभी सनदी लेखाकारों को बधाइयां। भारत की प्रगति में सनदी लेखाकारों की अहम भूमिका है। मैं सभी सनदी लेखाकारों से आह्वान करता हूं कि वे उत्कृष्टता पर ध्यान केंद्रित करें ताकि भारतीय कंपनियां दुनिया की सर्वश्रेष्ठ कंपनियों में एक बन सकें।”
गृह मंत्री अमित शाह ने चिकित्सकों, ‘चार्टर्ड अकाउंटेंट’ को दी बधाई
केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बृहस्पतिवार को ‘राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस’ के मौके पर तमाम बाधाओं के बावजूद मानवता की सेवा करने के चिकित्सकों के प्रयासों की सराहना की। ‘सीए दिवस’ के मौके पर उन्होंने ‘चार्टर्ड अकाउंटेंट’ को भी शुभकामनाएं दी। उन्होंने ट्वीट किया, ” एक चिकित्सक होना मानव जाति की सेवा करने का संकल्प लेना है।
‘राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस’ पर हम अपने साहसी चिकित्सकों के साहसपूर्ण प्रयासों को सलाम करते हैं, जिन्होंने तमाम बाधाओं के बावजूद मानवता की सेवा करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। समाज के प्रति उनके नि:स्वार्थ प्रयासों को हमने बार-बार देखा है।” ‘सीए दिवस’ के मौके पर ‘चार्टर्ड अकाउंटेंट’ (सीए) को शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने ट्वीट किया, ” ‘सीए दिवस’ पर, मैं पूरी सीए बिरादरी को बधाई देता हूं। ‘चार्टर्ड अकाउंटेंट’ हमारे देश के आर्थिक विकास का एक महत्वपूर्ण स्तंभ हैं, उनकी विशेषज्ञता तथा वृहद ज्ञान राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उनके इसी उत्साह एवं जोश के साथ अपना योगदान देते रहने की कामना करता हूं।”
कोविड-19 के दौरान दिन-रात लोगों की सेवा करने वाले चिकित्सकों का कर्ज नहीं चुकाया जा सकता: केजरीवाल
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बृहस्पतिवार को ‘राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस’ के मौके पर कहा कि कोविड-19 वैश्विक महामारी के दौरान दिन-रात लोगों की सेवा करने वाले चिकित्सकों का कर्ज ताउम्र नहीं चुकाया जा सकता। हर साल एक जुलाई को राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस मनाया जाता है। आज ही के दिन देश के महान चिकित्सक एवं पश्चिम बंगाल के दूसरे मुख्यमंत्री डॉ. बिधानचंद्र रॉय का जन्मदिन तथा पुण्यतिथि होती है और उन्हीं की याद में यह दिन मनाया जाता है।
केजरीवाल ने ट्वीट किया, ” कोरोना वायरस वैश्विक महामारी में हमारे चिकित्सकों ने कई-कई दिनों तक बिना सोए दिन-रात लोगों की सेवा की है, हम उनका यह कर्ज़ ताउम्र नहीं चुका सकते। ‘राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस’ पर हमारे सभी चिकित्सकों को सलाम, जिन्होंने इस महामारी में लाखों लोगों की जान बचाकर उनके परिवारों को बिखरने से बचाया।”
भारतीय चिकित्सा संघ (आईएमए) की ओर से मध्य जून में उपलब्ध कराए आंकड़ों के अनुसार, वैश्विक महामारी की दूसरी लहर के दौरान संक्रमण से करीब 730 चिकित्सकों की मौत हुई है। इनमें से बिहार में सर्वाधिक 115, दिल्ली में 109, उत्तर प्रदेश में 79, पश्चिम बंगाल में 62, राजस्थान में 43, झारखंड में 39 और आंध्र प्रदेश में 38 चिकित्सकों की मौत हुई। आईएमए के अनुसार, कोविड-19 की पहली लहर में 748 चिकित्सकों की मौत हुई थी।
राहुल ने चिकित्सक दिवस पर जताया डॉक्टरों का आभार
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने गुरुवार को चिकित्सक दिवस के अवसर पर सभी चिकित्सकों को बधाई देते हुए लोगों का जीवन बचाने के लिए उनका आभार जताया। राहुल गांधी ने डॉक्टरों को धन्यवाद देते हुए कहा, “हर उस पल के लिए, जो आप किसी का जीवन बचाने में लगाते हैं- धन्यवाद, हम आपके आभारी हैं।” देश हर साल पहली जुलाई को राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के रूप में मनाता है। आज ही के दिन देश के महान चिकित्सक बीएन रॉय का जन्म हुआ था और उन्हीं की याद में यह मनाया जाता है।
चिकित्सकों ने अपनी जान जोखिम में डालकर लोगों की जान बचाई- राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस पर चिकित्सकों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा है कि ये फरिश्ते हैं जिन्होंने अपनी जान जोखिम में डालकर लोगों की जान बचाई है। कोविंद ने गुरुवार को ट्वीट करके कहा, “आइए, अपनी योग्यता और क्षमता का उत्कृष्ट इस्तेमाल करके बीमारों के इलाज के प्रति चिकित्सकों के समर्पण भाव के श्रद्धांजलि के तौर पर ‘राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस’ मनाएं।” कोविंद ने आगे कहा, “कोविड-19 महामारी के दौरान उनकी सेवा ड्यूटी से परे हो गयी है। हम इन परमार्थी फरिश्तों के ऋणी हैं जिन्होंने हमें बचाने के लिए अपनी जान जोखिम में डाल दी है।”
