रामपुर: तालाब में डूबकर 10 वर्षीय बालक की मौत, मचा कोहराम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रामपुर/मिलक,अमृत विचार। दो बच्चे गुरुवार को रास डंडिया गांव के तालाब के किनारे खेलते समय डूब गए। दोनों बच्चों के साथ हादसा उस वक्त हुआ जब एक बच्चा पैर फिसलने पर तालाब में गिर गया। भाई को डूबते देख दूसरे बच्चे ने उसका हाथ पकड़कर बचाने की कोशिश की, लेकिन दोनों डूबने लगे।   तालाब …

रामपुर/मिलक,अमृत विचार। दो बच्चे गुरुवार को रास डंडिया गांव के तालाब के किनारे खेलते समय डूब गए। दोनों बच्चों के साथ हादसा उस वक्त हुआ जब एक बच्चा पैर फिसलने पर तालाब में गिर गया। भाई को डूबते देख दूसरे बच्चे ने उसका हाथ पकड़कर बचाने की कोशिश की, लेकिन दोनों डूबने लगे।

बेटे के शव को देखकर विलाप करती मां

 

तालाब किनारे मौजूद अन्य बच्चों के शोर मचाने पर ग्रामीणों ने दोनों को बाहर निकाला। दोनों बच्चों को अस्पताल ले जाया गया जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने एक को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। घटना सुबह 11 बजे की है। दोनों बच्चे अतुल व अंशु चचेरे तहेरे भाई हैं।

रास डंडिया गांव निवासी दो सगे भाइयों विदेश पाल व नेपाल के पुत्र क्रमशः 10 वर्षीय अतुल व 11 वर्षीय अंशु तालाब के किनारे साथियों के साथ खेल रहे थे। इस दौरान खेलते-खेलते अतुल का पैर फिसल गया। अतुल को तालाब में डूबते देख उसे बचाने के लिए अंशु ने अतुल का हाथ पकड़ लिया। जिस कारण दोनों तालाब में डूबने लगे। दोनों को डूबते देख साथी बच्चों ने शोर मचा दिया।

बच्चों का शोर सुनकर ग्रामीणों ने तालाब की ओर दौड़ लगा दी। तैराक ग्रामीणों ने किसी तरह दोनों को तालाब से बाहर निकाला। आनन फानन में दोनों को लेकर रास डंडिया चौराहे पर एक निजी चिकित्सक के पास पहुंचे, जहां डॉक्टर ने मिलक के सरकारी अस्पताल में उपचार कराने की सलाह दी। तत्काल परिजन दोनों बच्चों को लेकर सरकारी अस्पताल पहुंचे।

उपचार के दौरान डॉक्टर ने अतुल को मृत घोषित कर दिया। डॉक्टर ने बताया कि अंशु को बचा लिया गया है अब वह खतरे से बाहर है। अतुल की मौत की खबर सुनकर परिजनों में कोहराम मच गया। अतुल की मां शव से लिपटकर घंटों रोती रही। पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। सूचना पर तहसीलदार अशोक कुमार ने भी घटनास्थल का जायजा लिया।

तहसीलदार ने बताया कि घटना स्थल का जायजा लेकर ग्रामीणों के ब्यान लिए गए हैं। रिपोर्ट जिला मुख्यालय को प्रेषित कर दी गयी है। अतुल व अंशु चचेरे तहेरे भाई हैं। मृतक अतुल का पिता विदेश पाल रुद्रपुर शहर में एक कारखाने में मजदूरी करता है। मृतक अतुल चार भाई बहन हैं, जिनमें अतुल सबसे बड़ा था।

संबंधित समाचार