भाजपा कार्यकारिणी की बैठक खत्म, विपक्ष पर बरसे योगी, प्रस्तुत किए रिपोर्ट कार्ड
लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ विपक्ष पर जमकर बरसे। कार्यसमिति को संबोधित करते हुए योगी ने कहा कि हमें देश विरोधी विपक्ष का चेहरा बेनकाब करना होगा। आतंकवादियों के शुभचिंतक विपक्ष की नकारात्मकता से लोगों को बचाना होगा। लव जेहाद के खिलाफ हमने कदम उठाया तो …
लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ विपक्ष पर जमकर बरसे। कार्यसमिति को संबोधित करते हुए योगी ने कहा कि हमें देश विरोधी विपक्ष का चेहरा बेनकाब करना होगा। आतंकवादियों के शुभचिंतक विपक्ष की नकारात्मकता से लोगों को बचाना होगा। लव जेहाद के खिलाफ हमने कदम उठाया तो विपक्ष को परेशानी हो रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को विपक्ष के भ्रम और छल से सतर्क रहने की नसीहत देते हुए बूथ स्तर पर पार्टी को और मजबूत बनाने का आह्वान किया।
भाजपा प्रदेश कार्यालय में कार्यसमिति के मंच से मुख्यमंत्री योगी ने विपक्ष पर हमला जारी रखते हुए कहा कि हमें बताना होगा कि ये जो कह रहे हैं उसका मतलब क्या है। विपक्ष के फैलाए जा रहे भ्रम को दूर करना होगा। लोगों को विपक्ष की नकरात्मकता से बचाना होगा। याद रखिए कोरोनाकाल में ये चेहरे कहीं नही दिखाई दिए। ये लोग अपने-अपने स्तर पर सिर्फ भ्रम की स्थिति पैदा करके नकारात्मक स्थितियां पैदा कर रहे थे। विपक्ष राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे पर कैसे बयानबाजी कर रहा है। इसे लोगों को बताना होगा। मतांतरण के मुद्दे पर मूकबधिर बच्चों को टूल बनाकर, उन्हें अपनी ही व्यवस्था के खिलाफ खड़ा करके भयानक स्थितियां पैदा करने की कुत्सित चेष्टा कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि लखनऊ के आतंकवाद के मुद्दे पर कैसे बयानबाजी करते हैं। सपा की सरकार के समय मे कचहरी ब्लास्ट, बिजनौर सीआरपीएफ कैम्प के हमलावरों के केस वापस करवाने वालों का कल आगरा में पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगवाना इनके चरित्र और चेहरे को उजागर करता है। लव जिहाद के खिलाफ हमने कदम उठाया तो इनको परेशानी हो रही है। हमको लोगों को बताने की जरूरत है कि ये जो कह रहे हैं वो क्या है, हमें इनके चेहरे बेनकाब करने होंगे।
योगी ने स्वयं के कार्यों की दी रिपोर्ट
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि चार वर्ष पहले गांव गरीब, किसान, नौजवान, महिलाएं सरकार के एजेंडे में नही होते थे। ये सिर्फ वोटबैंक तक सीमित होते थे लेकिन इनके लिए जो योजनाएं बनी, उसका परिणाम सामने आ रहा है। आज एक क्लिक पर पैसा गरीब के खाते में जा रहा है। बैंक में भीड़ होती है। हमने किसी की जाति व मजहब नही देखा। सबको आवास, सबको समान विद्युत आपूर्ति हो रही है। एक लाख 21 हजार गांवो तक विद्युतीकरण किया गया। आज़ादी के बाद से अब तक इतना कभी नही हुआ था। सड़कों का जाल बिछा, वर्ना उत्तर प्रदेश के बारे में कहा जाता था जहां से गड्ढे शुरू हों वो उत्तर प्रदेश है। जहां अंधेरा शुरू हो वही उत्तर प्रदेश था।
लेकिन प्रदेश वही है। सिस्टम वही है। सरकार में चेहरे बदले और कार्य सम्पन्न हुए। प्रदेश के बारे में देश में छवि बनी कानून व्यवस्था का मानक तय हुआ। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में निवेश का माहौल है। मुंबई से ढाई लाख करोड़ का निवेश लेकर आ गए। आज उद्योगपति कहते हैं कि पांच साल पहले हम यहां आना नही चाहते थे लेकिन अब हम यहां निवेश करना चाहते हैं। इसी निवेश के माध्यम से डेढ़ करोड़ रोजगार हमने उपलब्ध करवाएं। चार लाख से ज्यादा सरकारी नौकरी दी गई। सिर्फ योग्यता पर नियुक्तियां मिली। यही चीजें दिखाती हैं कि पारदर्शी व्यवस्था क्या होती है।
पंचायत चुनाव जीत के लिए कार्यकर्ताओं को दी बधाई
पंचायत चुनाव में पार्टी की शानदार जीत पर मुख्यमंत्री योगी ने कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि ये सामान्य चुनाव नही था। इतने शांतिपूर्ण तरीके से ये चुनाव सम्पन्न हुए इसकी तारीफ हर जनमानस कर रहा है। पंचायत चुनाव में भाजपा ने एक मजबूत संगठन की पहचान बनाकर रखी। लगभग सात लाख ग्राम पंचायत सदस्य ,70 हजार से ज्यादा अन्य प्रतिनिधि, तीन हजार से ज्यादा जिला पंचायत सदस्य चुने गए।
योगी ने की कोरोना प्रबंधन की तारीफ
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मतदाता पुनरीक्षण सूची पर हमको ध्यान रखना होगा। हमको पता होना चाहिए कि विरोधी हमसे ज्यादा तेज होगा। एक तो वो हमारा फॉर्म भरने न देगा, दूसरा अपना फेक वोटर तैयार कर देगा। इसको लेकर सतर्क रहना होगा। करीब 16 महीने से महामारी से मानवता जूझ रही है। पहली लहर में प्रधानमंत्री द्वारा जो प्रबंधन किया गया वो बेहतर माना गया, दूसरी वेव अचानक आयी, उसमे भी कोविड प्रबंधन के बेहतरीन कार्य हुए, जीवन को बचाने के लिए टेस्ट, ट्रीट, ट्रेस के कार्य किए गए। मार्च 2020 में जब पहला केस आया तो हमारे पास टेस्ट की क्षमता नही थी, जबकि आज हम चार लाख टेस्ट प्रतिदिन कर रहे हैं।
उत्तर प्रदेश ऐसा पहला राज्य है जिसने छह करोड़ से ज्यादा टेस्ट किए। कोरोना प्रबंधन में निगरानी समितियों द्वारा जो ग्रामीण, नगरीय क्षेत्र में कार्य हुए वो अद्भुत हुए। 72 हजार निगरानी समितियों के माध्यम से मास्क व सेनेटाइजर उपलब्ध करवाए गए। कोरोनाकाल में प्रबंधन के लिए प्रधानमंत्री द्वारा आत्मनिर्भर पैकेज, विकलांग, दिव्यांग के पेंशन, खाद्यान्न वितरण सबका बेहतरीन प्रबंधन हुआ। योगी ने सतर्क करते हुए कहा कि कोरोना अभी खत्म नही हुआ है। ये सदी की सबसे बड़ी महामारी है, इससे जीवन और आजीविका दोनों को बचाना है। भ्रष्टाचार के लूप होल्स को हमने चिन्हित करके कार्रवाई की। माफियों की उन प्रवृत्ति को हमने खत्म करने का कार्य किया। करीब 1200 करोड़ की संपत्ति हमने जब्त की।
