धुआंधार बल्लेबाजी कर ईशान ने परिवार और प्रशंसकों को दिया यादगार तोहफा
पटना। श्रीलंका के खिलाफ पहले ही टी20 क्रिकेट मुकाबले मे कल बिहार के लाल ईशान किशन ने अपने 23वें जन्मदिन के मौके पर 59 रन की पारी खेल कर परिवार के साथ ही प्रशंसकों को यादगार तोहफा दिया है। ईशान किशन के इस परफॉर्मेंस को लेकर पिता प्रणव पांडे और मां सुमित्रा सिंह समेत पूरा …
पटना। श्रीलंका के खिलाफ पहले ही टी20 क्रिकेट मुकाबले मे कल बिहार के लाल ईशान किशन ने अपने 23वें जन्मदिन के मौके पर 59 रन की पारी खेल कर परिवार के साथ ही प्रशंसकों को यादगार तोहफा दिया है। ईशान किशन के इस परफॉर्मेंस को लेकर पिता प्रणव पांडे और मां सुमित्रा सिंह समेत पूरा परिवार बेहद खुश है।
श्री पांडे ने कहा कि जिस तरह से ईशान ने टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन से अपना स्थान बनाया है, उसी तरह से श्रीलंका में भी वह बेहतरीन प्रदर्शन करता रहेगा। ईशान के पिता श्री पांडे ने बताया कि कोरोना काल में उसने विकेट कीपिंग और बल्लेबाजी दोनों पर काफी मेहनत की है।
श्रीलंका दौरा शुरू होने से पहले ईशान ने भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी से भी कई महत्वपूर्ण टिप्स लिये, जो उसके लिए बेहद अहम साबित हो रहा है। पिता का मानना है कि श्रीलंका के खिलाफ जिस तरह से ईशान को विकेटकीपिंग का मौका उसे मिला है, वह उसके लिए आगे चलकर बेहद फायदेमंद साबित होगा। ईशान की विकेटकीपिंग और बल्लेबाजी से बनाए गए 59 रन से पूरा परिवार खुश है।
विकेटकीपिंग की चर्चा करते हुए श्री पांडे ने कहा कि मैदान असंतुलित होने के कारण भले ही ईशान से कुछ गेंदें छूटी लेकिन इसमें सुधार कर वह बहुत अच्छा कर सकता है। संयुक्त अरब अमीरात में इस साल के अंत में होने वाले टी20 विश्व कप में जगह बनाने के लिए ईशान को इसी तरीके से अपनी बल्लेबाजी करती रहनी होगी। श्रीलंका के खिलाफ पहले मैच में ईशान ने बेहतर प्रदर्शन किया लेकिन पिता का कहना है कि उसने थोड़ी जल्दबाजी कर दी। यदि वह आराम से खेलता तब इसी तरीके से और रन उसकी झोली में आ सकते थे।
