बरेली: पौधे लगाने पहुंची टीम का झुग्गी-झोपड़ी वालों ने किया विरोध

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। चौपुला चौराहा से इस्लामियां इंटर कॉलेज की ओर पौधरोपण करने गई नगर निगम की टीम को विरोध झेलना पड़ा। वहां झुग्गी-झोपड़ी में रहने वाले लोगों ने पौधे लगाने पर असहमति जाहिर करते हुए कहीं दूसरी जगह पर पौधे लगाने को कहा। नगर निगम की टीम की सूचना पर मौके पर पहुंचे प्रवर्तन दल …

बरेली, अमृत विचार। चौपुला चौराहा से इस्लामियां इंटर कॉलेज की ओर पौधरोपण करने गई नगर निगम की टीम को विरोध झेलना पड़ा। वहां झुग्गी-झोपड़ी में रहने वाले लोगों ने पौधे लगाने पर असहमति जाहिर करते हुए कहीं दूसरी जगह पर पौधे लगाने को कहा। नगर निगम की टीम की सूचना पर मौके पर पहुंचे प्रवर्तन दल ने विरोध करने वालों को खदेड़ दिया। इसके बाद टीम पौधे लगाकर वापस आ गई। नगर निगम के स्टाफ ने चेतावनी दी कि अगर पौधों को नुकसान पहुंचा तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

नगर निगम प्रशासन इन दिनों विभिन्न जगहों पर पौधरोपण करा रहा है। नौमहला के क्षेत्रीय पार्षद अमित कुमार ने नगर निगम से उनके क्षेत्र में भी पौधरोपण कराने का आग्रह किया था। सोमवार को नगर निगम की टीम यहां इस्लामियां इंटर कॉलेज की ओर पौधरोपण करने पहुंची तो वहां आसपास रहने वाले झुग्गी-झोपड़ी के लोग विरोध करने लगे। उन्हें इस बात का डर था कि नगर निगम अभी यहां पौधे लगा रहा है।

बाद में कहीं झुग्गी-झोपड़ी को भी न उजाड़ दे। इस खौफ की वजह से काफी देर तक लोग नगर निगम की टीम से उलझे रहे। इससे पौधेरापण का काम भी प्रभावित हो गया। बाद में पार्षद अमित कुमार ने लोगों को समझाया कि उन्हें किसी तरह से घबराने की जरूरत नहीं है। उन्होंने ही मेयर डॉ. उमेश गौतम से खास आग्रह करके क्षेत्र में करीब सौ पौधे लगाने का आग्रह किया था।

उधर नगर निगम की टीम की सूचना पर निगम से प्रवर्तन दल के जवान भी मौके पर पहुंच गए। पार्षद के काफी देर तक समझाने और प्रवर्तन दल की मौजूदगी के बाद विरोध कर रहे लोग पीछे हट गए। इसके बाद टीम ने पौधरोपण का काम किया। इस मौके पर प्रवर्तन दल के साथ नगर निगम के जयपाल पटेल भी मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि प्रवर्तन दल की मौजूदगी में पौधेरोपण बाद में शांतिपूर्वक करा दिया गया।

संबंधित समाचार